बिलासपुर। बीते एक सप्ताह से सर्वर डाउन होने की वजह से आयुष्मान भारत व खूबचंद स्वास्थ्य सहायता योजना के तहत नए आयुष्मान कार्ड समय पर नहीं बन पा रहे हैं। इससे जरूरतमंद मरीजों का शासन की योजना के तहत समय पर उपचार नहीं हो पा रहा है। इसका सबसे ज्यादा खामियाजा गंभीर मरीजों को उठाना पड़ रहा है। पिछले एक सप्ताह से यह स्थिति बनी हुई है।आयुष्मान भारत के नए कार्ड बनाने की जिम्मेदारी च्वाइस सेंटर को दी गई है। जहां पर निश्शुल्क कार्ड बना कर दिया जा रहा है। लेकिन कुछ दिनों से इसका सर्वर सही तरीके से काम नहीं कर पा रहा है। कुछ देर तक सामान्य रूप से चलने के बाद अचानक बंद हो जाता है। कई बार पूरी तरह सर्वर ठप हो जाता है। इसकी कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं होने से रोजाना दर्जनों मरीज आयुष्मान से उपचार से वंचित हो रहे हैं।