नई दिल्ली। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने अलर्ट जारी किया है कि मौसम बिगड़ने वाला है। आईएमडी ने उत्तर पश्चिम भारत में बारिश की संभावना जताई है। आईएमडी के अनुसार 8 फरवरी से 10 फरवरी के बीच पश्चिमी क्षेत्र में काफी व्यापक बारिश या बर्फबारी का अनुमान व्यक्त किया है। पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी और उत्तरी बर्फीली हवाओं के कारण मैदानी इलाकों में सर्दी में बढ़ोतरी होगी।
मौसम विभाग के अनुसार एक पश्चिमी ताजा विक्षोभ के कारण फिर पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में 8 से 10 फरवरी को बर्फबारी देखने को मिलेगी। देश की राजधानी दिल्ली के मौसम की बात करें तो यहां 15 फरवरी तक सुहावना मौसम रहने का अनुमान है। दिल्ली में 8 फरवरी को न्यूनतम तापमान 9 डिग्री और अधिकतम तापमान 26 डिग्री रहने की उम्मीद है। हालांकि 8 फरवरी को लेकर दिल्ली में आईएमडी ने तेज हवाएं चलने की भी संभावनाएं जताई है।
उत्तर प्रदेश में सर्दी का सितम अब कम होने लगा है। तापमान की बात करें तो यहां लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। हालांकि सुबह के समय कहीं-कहीं हल्का कोहरा जरूर देखने को मिला है। राजधानी लखनऊ की बात करें तो पहले ही हल्के कोहरे की संभावना जताई गई थी। आज यहां न्यूनतम तापमान 12 डिग्री और अधिकतम तापमान 28 डिग्री रहने की उम्मीद है। इधर दक्षिण राज्यों में भी बारिश का दौर जारी है। वहीं मौसम विभाग के अनुसार अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में अगले दो दिनों में बारिश देखने को मिल सकती है। 
स्काईमेट के मुताबिक दक्षिण तमिलनाडु, दक्षिण केरल, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह और असम के पूर्वी हिस्सों में हल्की बारिश देखने को मिल सकती है। अरुणाचल प्रदेश की पहाड़ियों में कुछ जगह पर हल्की बारिश और हिमपात की संभावना है। इसके साथ ही बिहार और पश्चिमी बंगाल के कुछ हिस्सों में कोहरा छाए रहने की संभावना है।