कतर में चल रहे फुटबॉल विश्व कप के चौथे प्री-क्वार्टर फाइनल में इंग्लैंड ने सेनेगल को 3-0 से हरा दिया। उसने इस जीत के साथ लगातार दूसरी बार क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। वह विश्व कप के इतिहास में 10वीं अंतिम-8 में पहुंचा है। वहीं, सेनेगल का 2002 के बाद क्वार्टर फाइनल में पहुंचने का सपना टूट गया।इंग्लैंड ने कतर में चल रहे फुटबॉल विश्व कप के क्वार्टर फाइनल में अपना स्थान पक्का कर लिया है। उसने रविवार (चार दिसंबर) को चौथे प्री-क्वार्टर फाइनल में अफ्रीकी चैंपियन सेनेगल को 3-0 से हरा दिया। इंग्लैंड के लिए मैच में कप्तान हैरी केन, उपकप्तान जॉर्डन हेंडरसन और युवा स्टार बुकायो साका ने एक-एक गोल दागे। क्वार्टर फाइनल में उसका मुकाबला गत चैंपियन फ्रांस से होगा। फ्रांस ने तीसरे प्री-क्वार्टर फाइनल में पोलैंड को 3-1 से हराया था।

सेनेगल और इंग्लैंड के बीच मुकाबले में 20 मिनट का निर्धारित समय बचा है। सेनेगेल की टीम भी 0-3 से पीछे चल रही है। उसे मैच में बने रहने के लिए कम से कम तीन गोल करने होंगे।इंग्लैंड के लिए मैच में तीसरा गोल बुकायो साका ने किया। उन्होंने 57वें मिनट में गेंद को गोलपोस्ट में डाल दिया। इस विश्व कप में साका का यह तीसरा गोल है। वहीं, इंग्लैंड के लिए इस विश्व कप में 12वां गोल है। उसने गोल के मामले में अपने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन की बराबरी कर ली है। इंग्लैंड ने 2018 में कुल 12 गोल किए थे।इंग्लैंड की टीम 2002 के बाद पहली बार विश्व कप के नॉकआउट मैच में हाफटाइम तक 2-0 से आगे है। तब उसने डेनमार्क के खिलाफ 2-0 की लीड ली थी। तब वह 3-0 से जीता था।

इंग्लैंड और सेनेगल के बीच मैच में पहले हाफ का खेल समाप्त हो चुका है। हाफटाइम तक इंग्लैंड की टीम 2-0 से आगे है। उसके लिए पहला गोल जॉर्डन हेंडरसन ने किया। उन्होंने जूड बेलिंघम के पास पर 38वें मिनट में टीम के लिए पहला गोल किया। उनके बाद हाफटाइम से ठीक पहले कप्तान हैरी केन ने स्कोर शीट पर अपना नाम दर्ज करवा लिया। केन ने फिल फोडेन के पास पर इंजरी टाइम (45+3वें मिनट) में गोल किया। उनका इस विश्व कप में यह पहला गोल है। हैरी केन की बात करें तो उन्होंने दो विश्व कप में सात शॉट टारगेट पर लगाए हैं और सातों में उन्हें गोल मिला है।