नई दिल्ली । कर्नाटक विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा ने कर्नाटक में अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। दिल्ली से कई आला नेता लगातार कर्नाटक का दौरा कर रहे हैं। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा 18-19 फरवरी को कर्नाटक के दौरे पर पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि गुरुवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह राज्य में एक जनसभा को संबोधित कर सकते हैं। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 27 फरवरी को कर्नाटक का दौरा कर शिवमोगा में एयरपोर्ट का उद्घाटन भी करने वाले हैं। 
शाह बृहस्पतिवार को कर्नाटक में जनसभा को संबोधित करने वाले हैं। इस दौरान शाह भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के साथ मई में होने वाले चुनावों के लिए रणनीति पर चर्चा करने और पार्टी की तैयारियों को नए सिरे से गति देने प्रयास करने वाले हैं। शाह बेल्लारी जिले के संदूर में एक जनसभा को संबोधित करने वाले हैं। इसके बाद वह बेंगलुरु जाएंगे, जहां वह एक संवाद कार्यक्रम में हिस्सा लेने वाले हैं। पार्टी सूत्रों के अनुसार, वह चुनाव तैयारियों को लेकर मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई, कर्नाटक भाजपा के कद्दावर नेता बी एस येदियुरप्पा और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नलिन कुमार कतील सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ कई बैठकें करने वाले हैं।