क्या आप भी कोलेस्ट्रॉल के बढ़े हुए स्तर को लेकर परेशान हैं? स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक सभी लोगों को इसको नियंत्रित करने के उपाय करते रहने चाहिए जिससे शरीर में गंभीर रोगों के खतरे को कम किया जा सके। अध्ययनों से पता चलता है कि कुछ प्रकार के फलों का सेवन करना इसमें आपकी मदद कर सकता है। हालांकि फलों का सेवन भी कम मात्रा में ही करना चाहिए क्योंकि इसमें फ्रुक्टोज की अधिकता होती है जो आपके ब्लड शुगर के स्तर को बढ़ा सकती है। आइए आगे की स्लाइडों में ऐसे ही कुछ फलों को बारे में जानते हैं जिनका सेवन करना कोलेस्ट्रॉल की समस्या में काफी फायदेमंद हो सकता है।

सेब
सेब को लेकर आपने एक पुरानी कहावत सुनी होगा। 'रोज एक सेब खाओ, डॉक्टर से दूर रहो'। कोलेस्ट्रॉल की समस्या को कम करने में भी सेब का सेवन करना आपके लिए फायदेमंद हो सकता है। अध्ययनों से पता चलता है कि इस फल को पेक्टिन नामक यौगिक का एक समृद्ध स्रोत माना जाता है जो कोलेस्ट्रॉल कम करने में मदद कर सकता है। रोजाना एक सेब का सेवन करना आपके लिए और भी कई तरीके से लाभदायक हो सकता है।

खट्टे फल
सर्दी के मौसम में विभिन्न प्रकार के खट्टे फल जैसे संतरा, अंगूर और नींबू आदि प्रचुर मात्रा में उपलब्ध होते हैं। ये फल विटामिन सी का अच्छा स्रोत होते हैं जो कोलेस्ट्रॉल प्रबंधन के अलावा, प्रतिरक्षा को बढ़ावा देने में भी मदद कर सकते हैं। विटामिन सी वाली चीजों का नियमित रूप से सेवन करना कोरोना के इस दौर में आपके लिए विशेष लाभदायक हो सकता है।

 

अंगूर
अंगूर खाना वजन कम करने वाले लोगों को लिए विशेष लाभदायक हो सकता हैपर क्या आप जानते हैं कि कोलेस्ट्रॉल को नियंत्रित करने में भी इसे बहुत ही लाभदायक माना जाता है। अंगूर में पाए जाने वाले फाइबर और एंटीऑक्सीडेंट के कारण इसे कोलेस्ट्रॉल के प्रबंधन में काफी लाभदायक माना जाता है।

एवोकैडो 
एवोकैडो असाधारण पोषक तत्व वाले फल माने जाते हैं। मोनोअनसैचुरेटेड फैट और फाइबर का समृद्ध स्रोत माने जाने वाला यह फल बैड कोलेस्ट्रॉल को कम करने में मदद करता है और शरीर में गुड कोलेस्ट्रॉल को बढ़ाता है। एक अध्ययन में पाया गया कि हाई एलडीएल कोलेस्ट्रॉल वाले जिन लोगों ने रोजाना एक एवोकैडो खाया, उनका कोलेस्ट्रॉल का स्तर आसानी से नियंत्रित हो गया।