जयपुर    जयपुर में हो रही भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक में मध्य प्रदेश की बूथ विस्तारक योजना पर न सिर्फ चर्चा हुई बल्कि सराहना भी मिली। मप्र से शुरू हुई इस योजना में प्रदेश के 65 हजार बूथ का डिजिटल डाटा तैयार किया गया है। मध्य प्रदेश में बूथ विस्तारक योजना के अंतर्गत प्रत्येक बूथ पर समितियों का गठन किया गया है। साथ ही संगठन एप के माध्यम से बूथ का डिजिटलाइजेशन किया गया है। बूथ के सभी पदाधिकारी के साथ पन्न्ा समिति और की वोटर्स का का डाटा संगठन एप पर उपलब्ध होगा। राष्ट्रीय पदाधिकारियों ने प्रदेश संगठन द्वारा चलाए गए बूथ विस्तारक अभियान की सराहना की। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने राष्ट्रीय पदाधिकारी बैठक में बूथ विस्तारक योजना के साथ मध्य प्रदेश संगठन के वर्ष भर हुए कार्यक्रमों की जानकारी प्रस्तुत की। योजना में बूथ के अध्यक्ष, महामंत्री और एजेंट के मोबाइल नंबर से लेकर बाकी सारी जानकारी संगठन एप पर दर्ज की गई है। इसमें बूथ के मतदाताओं का ब्योरा भी एकत्र किया गया है। इस योजना की सफलता के बाद पार्टी ने इसे राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक में प्रस्तुत करने की रणनीति बनाई है ताकि उसे अन्य राज्यों में लागू किया जा सके। योजना के मूल में भाजपा के प्रदेश मंत्री रजनीश अग्रवाल का चिंतन है। अग्रवाल ने ही योजना के क्रियान्वयन का मोर्चा संभाला। शर्मा ने कुशाभाऊ ठाकरे के व्यक्तित्व और कृतित्व पर आधारित 'समर्पण' पुस्तिका राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को भेंट की। इस अवसर पर पार्टी के राष्ट्रीय सचिव ओमप्रकाश धुर्वे एवं पार्टी की प्रदेश सह प्रभारी श्रीमती पंकजा मुंडे उपस्थित थी। राष्ट्रीय पदाधिकारी बैठक में राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री शिवप्रकाश, प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव, राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय, प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद , राष्ट्रीय सह कोषाध्यक्ष सुधीर गुप्ता, महाराष्ट्र के सह प्रभारी जयभान सिंह पवैया, अजा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालसिंह आर्य आदि शामिल हुए।

इनका कहना है

बूथ विस्तारक योजना की सफलता के पीछे भारतीय जनता पार्टी मध्य प्रदेश का गौरवशाली अतीत, देव तुल्य कार्यकर्ता और कुशाभाऊ ठाकरे जी की प्रेरणा है। मध्य प्रदेश के हर स्तर के कार्यकर्ताओं ने अपना श्रेष्ठ योगदान इस योजना में दिया है। आज जब केंद्रीय नेतृत्व ने इसकी सराहना कर देशभर के राज्यों के लिए अनुकरणीय बताया तो ठाकरे जी के हम मानस पुत्रों का सीना गर्व से फूल जाता है।

रजनीश अग्रवाल, प्रदेश मंत्री भाजपा मप्र