(बैतूल) कलेक्टर का आदेश राजनीति के चक्रव्यूह में फंसा, व्यापारी हैरान-परेशान

- नो-एंट्री की मांग करने वाले कांग्रेसी, विरोध करने वाले कांग्रेसी, विरोध का विरोध करने वाले भी कांग्रेसी
नो एंट्री पर मची राजनीति में व्यापारियों में दो फाड़

बैतूल(हेडलाईन)/नवल-वर्मा । शहर की अतिव्यस्त कुछ चुनिंदा सड़कों पर एक निर्धारित समय में भारी वाहनों की आवाजाही पर कलेक्टर ने एक आदेश जारी कर रोक लगा दी थी। रोक के बाद व्यापारियों का एक तबका ट्रांसपोर्टर इस आदेश के खिलाफ लामबंद हुए। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों से लेकर जनप्रतिनिधियों तक से मुलाकात की और इस आदेश को वापस लेने के लिये दबाव बनाने का प्रयास किया।  इस प्रयास को देखते हुए जनप्रतिनिधियों ने व्यापारियों के धड़े के साथ खुलकर सुर में सुर मिलाया। इस पूरी राजनीति में अब नया पेंच यह आ गया है कि गंज में व्यापारियों का एक अन्य धड़ा इस नो एंट्री के पक्ष में खुलकर आगे आया। इस धड़े का नेतृत्व धीरू शर्मा और रमेश भाटिया कर रहे है। जबकि यह दोनों कांग्रेस के नेता है और इस आदेश का विरोध स्वयं कांग्रेस विधायक भी कर चुके हैं। ऐसे में यह पूरा मामला राजनीतिक रूप से गरमा गया है।

- कलेक्टर के फैसले के पक्ष में लामबंद हुए कई संगठन...
कलेक्टर ने अति व्यस्त सड़कों पर एक निर्धारित समय में 28 फरवरी तक नो एंट्री का आदेश जारी किया। इस आदेश की खिलाफत होने के बाद अब इस आदेश के पक्ष में कई संगठन लामबंद हो गए है। गंज के ही व्यापारियों ने बुधवार को कलेक्टर, एसपी से मुलाकात कर आदेश का समर्थन किया वहीं किसान संघ भी इस आदेश के पक्ष में आ गया है। वहीं कुछ जागरूक नागरिकों ने भी ज्ञापन दिया।

- कांग्रेस के नेताओं ने ही उठाई थी नो एंट्री की पुरजोर मांग...
दो माह पहले कांग्रेस के कद्दावर नेता रमेश भाटिया ने एक ज्ञापन जिला प्रशासन और पुलिस को दिया था जिसमें उन्होंने भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाने की मांग की थी। वहीं इसके बाद जिला कांग्रेस के प्रवक्ता मोनू वाघ ने भी कलेक्टर को वाट्सअप पर आवेदन भेजकर कॉलेज रोड सहित अन्य सड़क पर भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाने की मांग की थी। इन स्थितियों को देखने के बाद ही कलेक्टर ने आदेश जारी किया था।

- नो एंट्री के खेल में कांग्रेसी आपस में ही खेल रहे खूब...
नो एंट्री के इस पूरे खेल को देखा जाए तो इसकी मांग करने वाले ही कांग्रेसी ही है। इसका विरोध करने वाले ही कांग्रेसी है और विरोध का विरोध करने भी कांग्रेसी ही लामबंद होकर सामने आ रहे हैं। हालांकि कोई भी एक दूसरे को सीधे टारगेट पर नहीं ले रहा है, लेकिन इस पूरे मामले को मचाने में कांग्रेसियों का ही एक बड़ा रोल नज़र आता है। लेकिन व्यापारी वर्ग इस पूरे प्रकरण के चलते खासा हैरान-परेशान नजर आ रहा है। 

- इन सड़कों पर है नो एंट्री...
1 - गेंदा चौक से कारगिल चौक तरफ मार्ग।
2 - कॉलेज चौक से कंट्रोल रूम वाला मार्ग।
3 - कॉलेज चौक से बाबू चौक वाला मार्ग।
4 - दिलबहार चौक से तांगा स्टेण्ड वाला मार्ग।
5 - कांतिशिवा चौक से तांगा स्टेण्ड वाला मार्ग। 
6 - कोतवाली चौराहे से लल्ली चौक वाला मार्ग। 
7 - दिलबहार चौक से मैकेनिक चौक वाला मार्ग।
नवल-वर्मा-हेडलाईन-बैतूल  03 फरवरी 2022