(बैतूल) नगरपालिका चुनाव में अपने माहौल बनाने के लिए आरोप प्रत्यारोप का दौर,

- भाजपा राज में नपा बैतूल नरक पालिका बन गई : निलय डागा,

- अपनी उपलब्धि और काम भी बताए विधायक : विकास

बैतूल (हेडलाईन)/नवल-वर्मा । बैतूल विधायक ने नगर पालिका बैतूल को लेकर एक बयान जारी कर आरोप लगाया है कि भाजपा के राज में नगरपालिका नरक पालिका में तब्दील हो गई है। उनके इन आरोपों को लेकर भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष विक्रम और विकास ने करारा जवाब देते हुए कहा कि कांग्रेस विधायक अपने चुनावी वादों और दावों का हिसाब पेश करें फिर आरोप लगाएँ। उनका कहना है कि बैतूल विधायक की राजनीति केवल आरोप-प्रत्यारोप की है। उन्होंने तंज कसते हुए यह भी कहा कि एक खास सीएमओ के तबादले के बाद ही विधायक को यह एहसास हुआ कि नगरपालिका नरक पालिका में बदल गई है। वहीं दूसरी ओर विधायक का कहना था कि बैतूल की जनता अब भाजपा से नगरपालिका को मुक्त कराने की तैयारी में है। इन आरोप प्रत्यारोप के इतर भी सच्चाई यह है कि भाजपा हो या कांग्रेस दोनों के राज में नौकरशाही मजे में रहती है। यह कांग्रेस की परिषद के समय भी देखा और भाजपा की परिषद के समय भी। कांग्रेस के शासन में भी देखा और भाजपा के शासन में भी देखा गया। राजनैतिक रूप से यदि देखे तो चुनाव के समय ही जिम्मेदार जनप्रतिनिधि या नेता किसी मुद्दे को लेकर बयानबाजी करते हैं अन्यथा बाकी समय यह चुप्पी साधे रहते हैं। जैसे नपा की सफाई व्यवस्था ठेके पर जाने के समय देखा गया था। 

- नगरपालिका में ठेका प्रथा चल रही जो निर्माण होते हैं पार्षद ही करवाते हैं : डागा
०१. भाजपा गुड गर्वेनेश की बात नहीं कर सकती है, क्योंकि उसने ऐसा कोई काम नहीं किया है।
०२. जिन भाजपा नेताओं को २३ साल में नगरपालिका में अवसर मिला उनका आर्थिक स्तर जमीन से आसमान तक पहुंचा। 
०३. लंबे समय से नगरपालिका में ठेका प्रथा चल रही है। शहर में जो निर्माण कार्य होते हैं वह पार्षद करते हैं ।
०४. राजनैतिक दखल के कारण कार्रवाई नहीं होती है। निर्माण की गुणवत्ता खराब रहती है। 
०५. जनता मूलभूत सुविधाओं से दूर होते जा रही है। इसका जवाब जनता समय आने पर देगी। 

- वैसे नपा में कांग्रेस जिला अध्यक्ष और पूर्व जिला अध्यक्ष भी ठेकेदार ही करते हैं : मिश्रा
०१. कांग्रेस केवल विध्वंस करती है। डेढ़ साल की सरकार में बाजार हटाकर कोठीबाजार को बर्बाद करने में लगी थी।
०२. विधायक जी शायद डा. देशमुख के समय कांग्रेस की परिषद को लेकर आर्थिक तरक्की वाली बात कह रहे हैं।
०३. नपा में ठेकेदारी करने वालों में कांग्रेस के जिला अध्यक्ष सहित पूर्व जिला अध्यक्ष और अन्य नेता भी शामिल हैं।
०४. पिछले साढ़े तीन साल में नपा को लेकर कितने सवाल विस में लगाए और कितनी शिकायत की। डेढ़ साल की सरकार में जांच क्योंं नहीं कराई। 
०५. भाजपा के राज में ही सबसे ज्यादा विकास हुआ। ताप्ती का पानी मिल रहा है।
नवल-वर्मा-हेडलाईन-बैतूल 05 जुलाई 2022