बैतूल(हेडलाईन )/नवल-वर्मा । अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में बढ़ती महंगाई के विरोध एवं सम्पूर्ण भारत और भारत वासियों को जोड़ने के लिए भारत जोड़ो यात्रा निकाली जा रही है। इसी तारतम्य मे गुरूवार ब्लाक कांग्रेस कमेटी बैतूल के तत्वाधान में दिल बाहर चौक गंज से यात्रा निकाली गई। बैतूल विधायक निलय डागा जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सुनील शर्मा के नेतृत्व में सैकड़ों की संख्या में कांग्रेस जन इस यात्रा में शामिल हुए। 
सर्वप्रथम यात्रा के पूर्व वरिष्ठ कांग्रेस जनों ने सभा को संबोधित किया। विधायक निलय डागा ने भाजपा की रीति नीतियों का विरोध करते हुए कहा कि, भाजपा की  दमन कारी रीति और नीति का ही नतीजा है, जो आज आम जनता महंगाई से त्रस्त है, भाजपाई दलाली में व्यस्त हैं, जिनकी औकात  साइकिल से चलने की नहीं थी वो आज महंगी गाड़ियों में चल रहे हैं, जो भाजपाई कल तक कंगाल थे, आज रातों रात उनके महल खड़े हो चुके हैं। ये पैसा आम जनता का है जो लूटने का काम भाजपाई कर रहे हैं, देश में नफरत का बीज बोया जा रहा है। हिन्दू , मुस्लिम सिक्ख , ईसाई को आपस मे लड़ाया जा रहा है। इस देश के लोग अमन पसंद हैं, लेकिन आज भाजपा लोगों को एक दूसरे का दुश्मन बनाने का काम कर रही है।आम जनता आने वाले 2023 और 2024 के विधान सभा और लोकसभा चुनाव में भाजपा को इसका करारा जवाब देगी। जिस तरह से आज आम जनता परेशान है, त्रस्त है , जनता के लिए कांग्रेस अब हर लड़ाई लड़ने के लिए तैयार है। राहुल गांधी के नेतृत्व में कन्याकुमारी से कश्मीर तक भारत जोड़ो यात्रा निकाली जा रही है, ताकि लोग भाजपा की इस दोगली नीति को समझ सकें,और महंगाई की मार से बच सकें, राहुल गांधी की इस यात्रा में प्रत्येक कांग्रेसी उनके कंधे से कंधा मिलाकर चल रहा है। ताकि आम जनता को भाजपा सरकार की कुरूतियों से बचाया जा सके।
 जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुनील शर्मा ने कहा कि आज महंगाई और जी एस टी की मार से आम जनता त्रस्त हो चुकी है। कल तक देश की जो जनता आपसी भाई चारे के साथ रहा करती थी उन्हें आपस मे लड़ाने का काम भाजपाइयों द्वारा किया जा रहा है। पूरे विश्व मे देश का लोकतंत्र सबसे मजबूत माना जाता है लेकिन भाजपा की नीति इस लोकतंत्र को लगातार कुचलने के प्रयास कर रही है। हमारे नेता राहुल गांधी इसी भाईचारे और लोक तंत्र को बचाने के लिए  भारत जोड़ो यात्रा कर रहे हैं, यही कारण है कि, आज सम्पूर्ण बैतूल जिले के सभी ब्लाकों में भारत जोड़ो यात्रा का कार्यक्रम कांग्रेस जनों द्वारा किया गया है।
प्रदेश कांग्रेस सचिव समीर खान ने कहा कि आज देश में जिस तरह का माहौल भाजपा द्वारा बनाया जा रहा है ये आम जनता के हित मे नहीं है। लोग एक दूसरे के प्रति नफरत ना रखें, और आपसी भाईचारे से रहें इसीलिए कांग्रेस भारत जोड़ो यात्रा का आयोजन कन्याकुमारी से कश्मीर तक कर रही है।
सभा को संबोधित करने के पश्चात सभी कांग्रेस जन हाथ मे ध्वज लिए यात्रा के लिए रवाना हुए रास्ते भर कांग्रेसी लोगो को अमन चैन और आपसी भाई चारे के साथ रहने का संदेश देते हुए चल रहे थे। साथ ही भाजपा द्वारा देश मे फैलाई जा रही अराजकता की नीतियों पर भी निशाना साध रहे थे।
कार्यक्रम में वरिष्ठ कांग्रेस नेता कैलाश पटेल, अजाब राव झरबड़े, सुनील जेधे , ऋषि दीक्षित, मोनू बड़ोनिया, राजकुमार दीवान, तरुण कालभोर, सोमेश त्रिवेदी, रक्कू राकेश शर्मा,  पार्षद उमा शंकर दीवान, हर्ष वर्धन धोटे, मिथलेश राजपूत, मुकेश झारे, आबू खान, पार्षद कदीर खान, नफ़ीस खान, पूर्व पार्षद अब्दुल सलाम, अंकित सिंह ठाकुर समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस जन शामिल थे।
नवल-वर्मा-हेडलाईन-बैतूल  08 सितम्बर 2022