(बैतूल) खण्डेलवाल-बबला-जैन की तयशुदा पटकथा के आधार पर ही जिला पंचायत अध्यक्ष और उपाध्यक्ष बने,
- अब राजा ही हैं सरताज
बैतूल(हेडलाईन)/नवल-वर्मा । जिला पंचायत चुनाव में मीडिया से उपजे तमाम कयास शुक्रवार को उस समय धराशाई हो गए जब भाजपा ने यह ऐलान कर दिया कि जिले में जातिगत वोट शेयर के आधार ओबीसी से अध्यक्ष और आदिवासी वर्ग से उपाध्यक्ष चुन लिया गया है। जहाँ अध्यक्ष के लिए राजा पवांर फुल एण्ड फाईनल हुए और आश्चर्यजनक तरीके से निर्विरोध निर्वाचित हो गए। वहीं उपाध्यक्ष में भाजपा ने सबको चौंकाते हुए बैतूल विधानसभा क्षेत्र के आदिवासी नेता हंसराज धुर्वे पर दांव खेल लिया। यह सब न सीएम हाउस का खेल है और न ही भोपाल को कोई गणित है, बल्कि यह सबुकछ बैतूल की लोकल राजनीति का हिसाब-किताब है जिसमें पहले से तय था कि ओबीसी और आदिवासी को ही कमान देना है।
 जनपद पंचायतों के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष चुनने के बाद शुक्रवार को जिला पंचायत अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चुनाव हो गया। इसमें भाजपा ने मुलताई क्षेत्र के वरिष्ठ भाजपा नेता राजा पवांर को अध्यक्ष पद के लिए प्रत्याशी बनाया था। वैसे तो जिला पंचायत में भाजपा का दबदबा होने से उनका अध्यक्ष बनना लगभग तय था। लेकिन कांग्रेस प्रत्याशी राजेंद्र कवड़े द्वारा अपना नामांकन पत्र वापस ले लिए जाने से वे निर्विरोध अध्यक्ष चुन लिए गए ।

कड़ी सुरक्षा के बीच शुक्रवार सुबह 11 बजे से जिला पंचायत में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष की चुनाव प्रक्रिया शुरू हुई। निर्वाचित जिला पंचायत सदस्यों के अलावा और किसी को भी भीतर प्रवेश नहीं करने दिया गया। सुबह 11 बजे पीठासीन अधिकारी द्वारा निर्वाचन प्रक्रिया और नामांकन पत्र दाखिल करने के संबंध में जानकारी दी गई। इसके बाद नामांकन पत्र दाखिल किए गए। भाजपा से मुलताई विधानसभा के क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 10 से निर्वाचित सदस्य राजा पवार ने नामांकन दाखिल किया। वहीं कांग्रेस की ओर से घोड़ाडोंगरी विधानसभा क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 6 से निर्वाचित सदस्य राजेंद्र कवड़े ने नामांकन पत्र दाखिल किया था। हालाकि नाम वापसी की समयावधि में ही श्री कवड़े ने अपना नामांकन वापस ले लिया। इसके साथ ही राजा पंवार निर्विरोध अध्यक्ष चुन लिए गए। जिसमें जिला प्रभारी संगठन सुजीत जैन की भी महती भूमिका रही।


- और हंसराज को मिला उपाध्यक्ष पद...
जिला पंचायत बैतूल के अध्यक्ष के साथ ही उपाध्यक्ष पद पर भी भाजपा ने कब्जा कर लिया है। हालाकि अध्यक्ष पद की तरह उपाध्यक्ष का चयन निर्विरोध नहीं हो सका। उपाध्यक्ष के लिए हुए मतदान में भाजपा समर्थित प्रत्याशी हंसराज धुर्वे ने कांग्रेस प्रत्याशी हितेष निरापुरे को 12 वोट से हरा दिया है। अब अध्यक्ष और उपाध्यक्ष दोनों ही पदों पर भाजपा समर्थित पदाधिकारी आसीन हो गए हैं।
नवल-वर्मा-हेडलाईन-बैतूल  30 जुलाई 2022