बैतूल(हेडलाइन)/नवल वर्मा। जेएच कालेज के छात्र अक्सर कलेक्ट्रेट में आवेदन लेकर भटकते हुए नजर आते है, इन छात्रों की एक ही समस्या है कि इनकी छात्रवृत्ति नहीं आ रही है और इसके समाधान के लिए कॉलेज प्रशासन अपने स्तर पर कोई प्रयास नहीं कर रहा है, इसलिए वे बार-बार कलेक्ट्रेट के चक्कर काटते है, लेकिन वहां से भी उन्हें कोई मदद मिलती हुई नजर नहीं आ रही है। यह छात्र अपनी समस्या मीडिया को बताने से भी बचते है और इसकी वजह कॉलेज प्रशासन का खौफ है। 
इन छात्रों ने बताया कि यदि उनकी फोटो और नाम छप गया तो वे कॉलेज प्रशासन और प्राध्यापकों के टारगेट में आ जाएंगे। छात्रों ने बताया कि दो वर्ष से उन्हें छात्रवृत्ति ही नहीं मिल रही है। जबकि वे इसकी पात्रता रखते है। छात्रों के मुताबिक बीकॉम टैक्स और कम्प्यूटर में करीब डेढ़ सौ छात्र ऐसे है जिन्हें दो वर्ष से छात्रवृत्ति ही नहीं मिली। वे पूर्व में भी कॉलेज प्रशासन सहित कलेक्टर को आवेदन दे चुके है, लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ।

- बीकॉम ही नहीं बीए वाले छात्र भी छात्रवृत्ति के लिए भटक रहे...
बीए के साथ ही बी कॉम के छात्रों ने भी छात्रवृत्ति के लिए आवेदन दिया है। उनका कहना है कि वर्ष 2023-24 में उन्होंने प्रवेश लिया था, लेकिन उन्हें भी छात्रवृत्ति नहीं मिल रही है। उनका कहना है कि पोर्टल खुलवाकर उनका भी छात्रवृत्ति का पोफार्म भरवाया जाए जिससे कि उन्हें शासन की योजना का लाभ मिल सके।
कॉलेज प्रशासन ने परीक्षा परिणाम और शैक्षणिक जानकारी अपडेट नहीं की
छात्रों के मुताबिक वे सभी ओबीसी वर्ग के छात्र है और वे वर्ष 2023-24 बीकॉम टैक्स एवं कम्प्यूटर के छात्र है, तथा समय पर उनका परीक्षा परिणाम एवं आवश्यक शैक्षणिक जानकारी पोर्टल पर अपडेट नहीं की गई, जिसके कारण उनके छात्रवृत्ति के आवेदन समय-सीमा के भीतर नहीं भर पाएं। यह कॉलेज प्रशासन की लापरवाही है और उनकी कहीं कोई सुनवाई नहीं हो रही है। जबकि कॉलेज प्रशासन ध्यान ही नहीं देता है।

- इनका कहना ...
वर्तमान में जो कॉलेज प्रशासन है वह छात्रों की समस्या या उनसे जुड़े मामलों को लेकर गंभीर नहीं है। छात्र यहां वहां भटकते है। छात्रों को कलेक्ट्रेट जाने की जरूरत ही नहीं पडऩा चाहिए। कॉलेज में ही समाधान होना चाहिए। 
- मोनू वाघ, छात्र नेता, जेएच कॉलेज।
नवल वर्मा हेडलाइन बैतूल 07 जून 2026