बैतूल(हेडलाइन)/नवल वर्मा। चुनाव आयोग मतदान बढ़ाने के लिए कसरत कर रहा है। वॉल पेटिंग से लेकर होर्डिंग तक लगाए जा रहे है और लोगों को प्रेरित किया जा रहा है कि अधिक से अधिक मतदान करें। वैसे जो स्थितियां है उसमें इस बार मतदान ज्यादा होगा। इसकी वजह दीपावली का त्यौहार है। इस त्यौहार की वजह से जो हजारों लोग रोजगार या शिक्षा की वजह से जिले के बाहर है वे सब अपने घर लौटकर आएंगे। यह सब जब मतदान करेंगे तो स्वाभाविक है कि मतदान का प्रतिशत बढ़ जाएगा। इसलिए लोगों का आंकलन है कि इस बार यह जो बाहर से आकर वोट करेंगे इनकी वजह से चुनाव परिणाम प्रभावित होंगे। 

- मजदूर तबका ...                 
जो मजदूर आसपास के जिलों में फसल कटाई के लिए जाते है, वे भी दीपावली त्यौहार में हर हाल में लौटकर आते है और आदिवासी क्षेत्र में तो 15 दिन तक दीपावली चलती है। ज्यादातर आदिवासी तबका जो मजदूर है वह दीपावली की वजह से अपने क्षेत्र में रहेगा।

- नौकरीपेशा तबका ...         
सरकारी नौकरी सहित विभिन्न कंपनी और फैक्ट्रियों में नौकरी करने वालों की बहुत बड़ी संख्या है। औद्योगिक क्षेत्र प्रीतमपुर, मंडीदीप, भोपाल, इंदौर में बैतूल जिले के हजारों लोग अलग-अलग जगह नौकरी कर रहे है। यह सब त्यौहार की वजह से बैतूल आएंगे।

- विद्यार्थी तबका ...         
बैतूल जिले के छात्र उच्च शिक्षा के लिए इंदौर, भोपाल सहित अन्य जगह पर पढ़ रहे है, जिसमें इंदौर और भोपाल की संख्या बहुत ज्यादा है। यह सब छात्र-छात्राएं भी दीपावली त्यौहार की वजह से घर आएंगे और स्वाभाविक है कि वोट करके ही जाएंगे। 

- महिला तबका ...         
दीपावली पर्व के साथ-साथ भाईदूज का पर्व भी आता है, इस दौरान विवाहित महिलाएं अपने भाईयों को तिलक लगाने मायके आती है, इसलिए माना जा रहा है कि यह जो महिलाएं जिनका विवाह अन्य जगह हुआ है वे मतदान करने आएंगी।
नवल वर्मा हेडलाइन बैतूल 18 अक्टूबर 2023