विधानसभा क्षेत्र के 296 मतदान केन्द्रों के लिए 1198 कर्मचारी हुए रवाना

बैतूल /मुलताई(हेडलाइन)/नवल वर्मा । विधानसभा चुनाव में शुक्रवार सुबह से होने वाले मतदान के लिए गुरूवार सुबह से मतदान टीम रवाना हुई। विधानसभा क्षेत्र के कुल 296 मतदान केन्द्रों के लिए 296 टीम मतदान की सामग्री लेकर सुबह 8 बजे से मुलताई से विभिन्न मतदान केन्द्रों के लिए रवाना हुई। इसके अलावा मतदान केन्द्रों के लिए बाहर से आया पुलिस बल भी रवाना हुआ जिसमें कोटवार सहित माईक्रोआब्जर्वर भी शामिल हैं। निर्वाचन अधिकारी एसडीएम तृप्ति पटेरिया ने बताया कि विधानसभा क्षेत्र के 296 मतदान केन्द्रों के लिए सुबह 8 बजे से टीमें रवाना होना प्रारंभ हो गया तथा तथा अंतिम टीम 12.45 बजे रवाना हुई जो पूरे क्षेत्र में शुक्रवार मतदान संपन्न कराएगी। उन्होने बताया कि विधानसभा क्षेत्र में कुल 89 क्रिटिकल मतदान केन्द्र हैं जहां सीसीटीवी कैमरा सहित अनिवार्य रूप से पुलिस मौजूद रहेगी। उन्होने बताया कि शुक्रवार सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान होगा तथा चुनाव निर्विघ्र संपन्न हो इसे लेकर सतर्कता एवं सुरक्षा का पूरा प्रबंध किया गया है। इधर एसडीओी सुरेश पाल सिंह ने बताया कि चुनाव के लिए कर्नाटक, भौंरी भोपाल, झारखंड तथा मुंबई से कुल 500 पुलिसकर्मियों का बल पहुंचा है जो पूरे विधानसभा क्षेत्र के मतदान केन्द्रों पर मौजूद रहेगा ताकि शांतिपूर्ण तरीके से मतदान संपन्न हो सके। 

क्षेत्र में मतदान को लेकर भारी उत्साह

मुलताई विधानसभा क्षेत्र में मतदान को लेकर मतदाताओं में भारी उत्साह नजर आ रहा है। विधानसभा क्षेत्र में कुल 2 लाख 31 हजार 682 मतदाता हैं जिसमें 1 लाख 18 हजार 578 पुरूष मतदाता तथा 1 लाख 13 हजार 90 महिला मतदाता सहित 6 अन्य मतदाता शामिल हैं। विधानसभा में कुल 12 प्रत्याशी चुनाव मैदान में उतरे हुए हैं जिसमें भाजपा कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी, गोंडवाना मुक्ति मोर्चा सहित अन्य निर्दलीय प्रत्याशी शामिल हैं। क्षेत्र में प्रमुख रूप से भाजपा एवं कांग्रेस के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा बताई जा रही है जिसमें दोनों ही दलों ने चुनाव समय में व्यापक प्रचार प्रसार किया गया। 

- सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक होगा मतदान ...                                 

निर्वाचन अधिकारी तृप्ति पटेरिया ने बताया कि शुक्रवार सुबह 7 बजे से मतदान प्रारंभ होगा जो शाम 6 बजे तक चलेगा। उन्होने बताया कि एक दिन पूर्व ही समस्त टीमें मतदान केन्द्रों पर पहुंच चुकी है। इधर उत्कृष्ट विद्यालय मैदान परिसर में बुधवार रात से ही एकत्रित की गई बसेें सहित अन्य चौपहिया वाहनों को रवाना किया जाने लगा। सुबह मतदान टीमें गंतव्य की ओर रवाना हुई। इस दौरान उत्कृष्ट विद्यालय तथा केन्द्रीय विद्यालय मैदान पर गहमा गहमी नजर आई। दोपहर तक समस्त टीमें रवाना हो चुकी थी।

1581 मतदान केन्द्रों पर 12 लाख 23 हजार 483 मतदाता डालेंगे वोट

बैतूल जिले के पांच विधानसभा क्षेत्र में 1581 मतदान केन्द्रों पर 12 लाख 23 हजार 483 मतदाता अपने मताधिकार का आज उपयोग करेंगे। सभी मतदान केन्द्रों के लिए मतदान दल रवाना होने लगे है। मतदान केन्द्रों पर 7 हजार 388 कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। जिले भर में 287 संवेदनशील और 1294 सामान्य मतदान केन्द्र चिन्हित किए गए है। 

इसमें 6 लाख 15 हजार 381 पुरूष मतदाता है, वहीं 5 लाख 94 हजार 510 महिला मतदाता है। इनके अलावा 27 थर्ड जेंडर मतदाता भी है। जो पोलिंग सेंटर की स्थिति है उसमें 1317 पोलिंग सेंटर ग्रामीण क्षेत्र के है। वहीं 264 मतदान केन्द्र शहरी क्षेत्र के है। प्रत्येक पोलिंग सेंटर पर लगभग 765 औसत मतदाता संख्या है। बैतूल जिले में आमला 130 विधानसभा क्षेत्र अनुसूचित जाति वर्ग के लिए आरक्षित है। वहीं घोड़ाडोंगरी 132 और भैंसदेही 133 विधानसभा क्षेत्र अनुसूचित जनजाति वर्ग के लिए आरक्षित सीट है।

नवल वर्मा हेडलाइन बैतूल 16 नवंबर 2023