बैतूल(हेडलाइन)/नवल वर्मा। पुलिस विभाग ने जिले के थानों का नए सिरे से परिसीमन किया जाने वाला है और इसके लिए पुलिस अधीक्षक निश्चल झारिया ने प्रभारी मंत्री की समीक्षा बैठक में 03 अप्रैल को जिले के जनप्रतिनिधियों से अपने सुझाव और फीडबैक उपलब्ध कराने का अनुरोध भी किया है। वहीं उन्होंने यह भी बताया है कि मासोद चौकी का उन्नयन कर उसे थाना बनाया जाएगा। वैसे जिले में पुलिस थानों का परिसीमन फरवरी 2024 में किया गया था। इसमें सबसे बड़ा बदलाव यह रहा था कि घोड़ाडोंगरी चौकी को विधायक गंगा बाई के सुझाव के आधार पर सारनी थाने से हटाकर रानीपुर थाने में शामिल किया गया । 

- वर्तमान में 20 थाने और 12 चौकियां...
बैतूल जिले में वर्तमान स्थिति में 20 थाने है। इनमें से तीन थाने एजेके, महिला थाना और ट्रैफिक थाना भी इसमें शामिल है। वहीं अन्य 17 थाने चार अनुविभाग बैतूल, मुलताई, शाहपुर और भैंसदेही के अंतर्गत आते है। इसके अलावा 12 चौकियां भी है।

- जिले में उपलब्ध नहीं है पर्याप्त बल...
वर्तमान स्थिति यह है कि जिले में पर्याप्त पुलिस बल उपलब्ध नहीं है। विशेषकर आरक्षक स्तर पर पुलिस बल की कमी है। बताया जा रहा है कि कार्यवाहक पदोन्नति के कारण आरक्षक स्तर पर बल स्वीकृत पद से कम है। 

- फरवरी 2024 में भी हुआ था परिसीमन लेकिन आई थी विसंगतियां सामने...
2024 में जो परिसीमन किया गया था, उसमें कई विसंगतियां सामने आई थी। जैसे मुलताई थाने में आठनेर के ऐसे गांव या पंचायत शामिल कर दी गई जो मुलताई से दूर पड़ती है और आठनेर थाने से निकट।

- मुलताई थाने का कार्यक्षेत्र अधिक होने से बनाया जा रहा है नया थाना...
मासोद को नया थाना बनाए जाने के पीछे मकसद यह है कि जिले में वर्तमान में सबसे बड़ा थाना मुलताई थाना माना जाता है। जो कि महाराष्ट्र बार्डर से भी लगा हुआ है, इसलिए नया थाना मासोद को बनाया जा रहा है।
नवल वर्मा हेडलाइन बैतूल 09 अप्रैल 2025