राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में जुटेंगे गौमाता के हजारों भक्त , - राष्ट्रीय गौधन समिट का नवंबर में होगा आयोजन

मेजर ध्यान चन्द्र स्टेडियम में भरी जाएगी गौवंश रक्षा व संवर्धन की हुंकार
राष्ट्रीय गोधन महासंघ के प्रयास से देश में गौशालाओं की संख्या 9 हजार से बढ़कर 22 हजार हुई
पर्यावरण, अर्थव्यवस्था और रोजगार त्रिसूत्र हैं नेशनल समिट 2025 की मुख्य थीम
राष्ट्रपति एवं प्रधानमंत्री सहित अनेक गणमान्य महानुभावों को भी दिया जाएगा आमंत्रण
नई दिल्ली(हेडलाइन)/राम महेश मिश्र । राष्ट्रीय गोधन महासंघ द्वारा राजधानी दिल्ली में राष्ट्रीय गोधन समिट 2025 का आयोजन किया गया है। यह समिट 5 नवंबर से 10 नवंबर की तिथियों में मेजर ध्यान चन्द्र स्टेडियम में संपन्न होगी। गौभक्तों के इस महासम्मेलन में देश की 22 हजार से अधिक गौशालाओं के संचालक, पदाधिकारी, गोपालक, एवं किसान हजारों की संख्या में भाग लेंगे। नेशनल समिट 2025 की मुख्य थीम हैं- पर्यावरण, अर्थव्यवस्था और रोजगार के त्रिसूत्र।
यह जानकारी देते हुए व्यापक राष्ट्रीय हितों वाली इस महत्वपूर्ण समिट के मुख्य प्रवक्ता एवं मीडिया प्रभारी तथा भाग्योदय फाउंडेशन के अध्यक्ष राम महेश मिश्र ने बताया कि राष्ट्रीय गौधन महासंघ के मुख्य संयोजक विजय खुराना द्वारा हरियाणा से पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल को राष्ट्रीय गौधन समिट 2025 का संयोजक नामित किया गया है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय गोधन महासंघ के प्रयासों से देश भर में गौशालाओं की संख्या 9 हजार से बढ़कर 22 हजार हो गई है। इन गौशालाओं को स्वावलंबी बनाने के लिए विशेष अभियान गौधन महासंघ द्वारा छेड़ा गया। गौद्रव्यों अर्थात गोदुग्ध, गौघृत, गौमूत्र एवं गोबर का व्यापारिक उपयोग करने से सैकड़ों उत्पादों का निर्माण होने लगा है, जिनके सहारे गौशालाएं स्वावलंबी बन रही हैं।
ज्ञातव्य हो, राजधानी दिल्ली के हौज खास क्षेत्र में गौधन समिट का मुख्य कार्यालय खोला गया है। यहीं से समस्त कार्यक्रमों की व्यवस्था विनिर्मित की जा रही है। समिट का मुख्य उद्देश्य है- बायो ई. 3 पॉलिसी, पंचगव्य एवं स्वदेशी के माध्यम से भारत को आत्मनिर्भर बनाया जाए।
श्री मिश्र ने बताया कि मेजर ध्यान चन्द्र स्टेडियम में होने वाली इस नेशनल समिट में देश भर से आए गौसेवा उत्पादों के स्टाल भी लगाए जाएंगे। इससे वह परस्पर परिचित हो सकेंगे और इन उत्पादों का प्रचार-प्रसार समूचे देश में संभव हो सकेगा। उल्लेखनीय है, राष्ट्रीय गौधन समिट में भारत के विभिन्न प्रांतों में सेवारत राज्य गौसेवा आयोगों को भी आमंत्रित किया जा रहा है। प्रवक्ता ने बताया कि समिट की तैयारियों की अगली बैठक हौजखास मार्केट स्थित ई-17 (लोअर ग्राउंड फ्लोर) में 3 जून को पूर्वाह्न 11 बजे आहूत की गई है।