- भाग्योदय फाउंडेशन की सहगामी संस्था है प्रयाग आरोग्यम केन्द्र

लखनऊ /राम महेश मिश्र । राजधानी लखनऊ के प्रमुख योग विज्ञान प्रशिक्षण संस्थान "प्रयाग आरोग्यम केन्द्र (योग प्रशिक्षण एवं योगाभ्यास संस्था) द्वारा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर लखनऊ में एक कीर्तिमान स्थापित किया गया है। संस्था के ऊर्जावान योग शिक्षकों के सहयोग से 105 स्थानों पर योगाभ्यास शिविर आयोजित किए
 गए। इन शिविरों में लगभग सवा सौ योग शिक्षकों ने अपना सक्रिय योगदान दिया। इन योगाचार्यों में पुरुष एवं महिलाएं दोनों ही सम्मिलित हैं। ज्ञातव्य हो, ये सभी योगाचार्य प्रयाग आरोग्यम केन्द्र के साथ मिलकर कार्य कर रहे हैं। 

यह जानकारी देते हुए प्रयाग आरोग्यम केन्द्र के अध्यक्ष एवं संस्थापक वरिष्ठ योगाचार्य प्रशान्त शुक्ल ने बताया कि केन्द्र ने भारतीय थल सेना में 3000 से अधिक प्रतिभागियों को योगाभ्यास कराया। केन्द्रीय विद्यालय संगठन के तत्वावधान में जहां तीन स्थानों पर 15000 से अधिक प्रतिभागी उपस्थित रहे, वहीं भातखंडे संस्कृत विश्वविद्यालय द्वारा पांच स्थानों पर 5000 से अधिक प्रतिभागी योगाभ्यास में सम्मिलित कराए गए। वॉरियर डिफेंस अकादमी ने 2000 से अधिक प्रतिभागियों को योग सिखवाया, वहीं कालीचरण स्नातकोत्तर महाविद्यालय में 1000 प्रतिभागी प्रशिक्षित हुए। श्री शुक्ल ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय बौद्ध शोध संस्थान में 1000 प्रतिभागी, डायट लखनऊ एवं एससीईआरटी के योग शिविरों में 2000 से अधिक प्रतिभागी शामिल हुए। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश कृषि उत्पादन मंडी परिषद, क्लार्क्स अवध होटल, उत्तर प्रदेश संस्कृत संस्थान आदि स्थानों पर 700 से अधिक प्रतिभागियों ने योग प्रशिक्षण प्रयाग आरोग्यम केन्द्र के योगाचार्य से लिया। 

बकौल श्री शुक्ल प्रयाग आरोग्यम केन्द्र ने राजधानी के कोचिंग संस्थानों में भी योग सिखाया, जहां 5000 से अधिक प्रतिभागी शामिल हुए। इंजीनियरिंग कॉलेज और विभिन्न विद्यालयों में 10000 से अधिक प्रतिभागियों को योग सिखाया गया। सी.एस.आई.आर. से जुड़ी लखनऊ की वैज्ञानिक संस्थाओं एनबीआरआई, सीडीआरआई एवं केन्द्रीय औद्योगिक विष अनुसंधान संस्थान इत्यादि तकनीकी संस्थानों में 500 वैज्ञानिकों एवं स्टाफ ने भी योग प्रशिक्षण शिविर में प्रतिभाग किया। भारत की आर्थिक राजधानी मुम्बई के 10 स्थानों के अलावा उत्तर प्रदेश के गोंडा, सिद्धार्थनगर, आगरा, उन्नाव, आजमगढ़, प्रतापगढ़, प्रयागराज, अंबेडकरनगर, सुल्तानपुर, भदोही, अयोध्या, रायबरेली, मुरादाबाद, कानपुर, बरेली, नोएडा, गाजियाबाद आदि स्थानों पर भी प्रज्ञा आरोग्यम केंद्र से जुड़े योगाचार्यों द्वारा शिविरों का संपादन किया गया। उत्तराखण्ड, कर्नाटक एवं हरियाणा में भी कुछ स्थानों पर केन्द्र से  प्रशिक्षित योगाचार्यों ने अपनी सेवाएं दीं।

प्रयाग आरोग्यम केन्द्र प्रमुख प्रशान्त शुक्ल ने भारत भाग्योदय एवं वैश्विक अभ्युदय को समर्पित आध्यात्मिक एवं सामाजिक संस्था "भाग्योदय फाउंडेशन* से मिले मार्गदर्शन को भी याद किया और भाग्योदय प्रमुख आचार्य राम महेश मिश्र से प्राप्त प्रशासनिक एवं सामाजिक सहयोग की सराहना की।