बैतूल(हेडलाइन)/नवल वर्मा । रक्षाबंधन का पर्व इस बार कुछ अलग और प्रेरणादायी अंदाज में मनाया गया। सक्षम (समदृष्टि, क्षमता विकास एवं अनुसंधान मंडल) बैतूल जिला कार्यकारिणी द्वारा आयोजित समावेशी रक्षाबंधन कार्यक्रम में भाईचारे, संवेदनशीलता और सशक्तिकरण की अनोखी मिसाल देखने को मिली।

सक्षम बैतूल जिला कार्यकारिणी ने अपने अनिवार्य उत्सवों में शामिल समावेशी रक्षाबंधन पर्व का आयोजन अत्यंत भावनात्मक और भव्य ढंग से किया। इस विशेष अवसर पर दिव्यांग बहनों ने दिव्यांग भाइयों और नगर के प्रतिष्ठित समाजसेवियों को राखी बांधकर भाईचारे, आत्मीयता और सामाजिक संवेदनशीलता का संदेश दिया। कार्यक्रम में नगर के सम्माननीय नागरिक, विभिन्न छात्रावासों से आए विद्यार्थी, दिव्यांग भाई-बहन और समाज के अनेक प्रतिष्ठित व्यक्तित्व मौजूद रहे।

इस अवसर पर दिव्यांग सम्मान भी प्रदान किया गया, जिससे समाज में सेवा और सहयोग की भावना को बढ़ावा मिला। सभी उपस्थित दिव्यांग भाई-बहनों को उपहार स्वरूप गिफ्ट्स भेंट किए गए। साथ ही सक्षम के प्लास्टिक मुक्त अभियान के अंतर्गत थैली में सामग्री दी गई, जिससे पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी पहुंचाया गया।

इस आयोजन ने रक्षाबंधन की पवित्र परंपरा को नया आयाम देते हुए यह साबित किया कि यदि समाज दिव्यांगजनों के मित्र और सहयोगी के रूप में आगे आए, तो उन्हें सशक्त बनाकर समाज का अभिन्न और सम्मानित अंग बनाया जा सकता है। इस पहल से आने वाली पीढ़ियां भी आत्मनिर्भर और समृद्ध हो सकती हैं। सभी अतिथियों और प्रतिभागियों की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम को अविस्मरणीय बना दिया, जो निश्चित रूप से समाज में समावेशिता, संवेदनशीलता और सशक्तिकरण की नई मिसाल है।