बैतूल(हेडलाइन)/नवल वर्मा।  जिला कांग्रेस अध्यक्ष नियुक्त होने के बाद निलय डागा कार से भोपाल से बैतूल पहुंचे। सोमवार को उनके बैतूल आगमन पर जगह-जगह कांग्रेस कार्यकर्ता और उनके समर्थकों में फूल माला से स्वागत किया। निलय डागा के स्वागत की शुरूआत जिले की सीमा धार से ही हो गई थी, इसके बाद भौंरा, शाहपुर, बरेठा, पाढर और बैतूल शहर में उनका सत्कार किया गया। बैतूल शहर में प्रवेश के साथ ही उनके समर्थकों ने आतिशबाजी कर और फूल माला से जबरदस्त अभिनन्दन किया। इस दौरान उन्होंने कारगिल चौक पर वीर दुर्गादास की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके उपरांत अंबेडकर चौक पर बाबा साहेब अंबेडकर प्रतिमा पर माल्यार्पण किया, फिर वे गंज होते हुए शिवाजी चौक पहुंचे, जहां उनका भव्य स्वागत किया गया, यहां पर भी उन्होंने वीर शिवाजी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके बाद उनका कारवां मुल्ला पेट्रोल पंप चौक पहुंचा, यहां पर उन्होंने राजा भोज की प्रतिमा पर भी माल्यार्पण किया फिर उनके समर्थक रैली की शक्ल में बस स्टेण्ड पहुंचे यहां पर भी गाजे-बाजे से उनका सम्मान किया गया। बस स्टेण्ड पर लगी शहीद सरदार विष्णु सिंह गौंड की प्रतिमा पर भी उन्होंने माल्यार्पण किया, फिर लल्ली चौक पर उनका सम्मान और तुलादान भी किया गया। इसके उपरांत डागा निवास पर उन्होंने मौजूद कार्यकर्ता और समर्थकों को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस को मजबूत बनाने के लिए सभी छोटे-बड़े कार्यकर्ता और पदाधिकारी एकजुट हो जाए। उनका कहना था कि भाजपा कार्यकाल में जनता त्रस्त है और उसकी लड़ाई हमें जमीन पर उतरकर लडऩा। उन्होंने कार्यकर्ताओं को भरोसा दिलाया कि वे हर कार्यकर्ता के लिए 24 घंटे हर परिस्थिति में खड़े रहेंगे।
नवल वर्मा हेडलाइन बैतूल 18 अगस्त 2025