- 31 अगस्त को भाजपा प्रदेशध्यक्ष व बैतूल विधायक के जन्मदिन पर गरीब-बेसहारों को कराया जाएगा नि:शुल्क भोजन

बैतूल(हेडलाइन)/नवल वर्मा । 01 सितंबर से पंडित दीनदयाल रसोई का संचालन एक बार फिर विश्वकर्मा समाज समिति बैतूल द्वारा किया जाएगा। 6 साल बाद यह जिम्मेदारी पुन: इस संस्थान को सौंपी गई है। रसोई का शुभारंभ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल 31 अगस्त को करेंगे। संस्थान के पदाधिकारी बालवीर मालवीय ने बताया कि विधायक हेमंत खंडेलवाल ने गरीबों को नि:शुल्क भोजन उपलब्ध कराने की शुरूआत बैतूल से की थी। उनके इस प्रयास को प्रदेश स्तर पर काफी सराहना मिली और बाद में प्रदेश सरकार ने इसी मॉडल को अपनाते हुए पूरे प्रदेश में "पंडित दीनदयाल रसोई" योजना के नाम से शुरू किया। आज यह रसोई गरीबों और बेसहारों के लिए दो वक्त के भोजन का बड़ा सहारा बनी हुई है। 31 अगस्त को पंडित दीनदयाल रसोई  में  प्रदेशाध्यक्ष खंडेलवाल का जन्मदिन भी मनाया जाएगा। हालांकि 3 सितंबर को उनका जन्मदिन आता हैं, लेकिन समयाभाव के कारण समिति द्वारा 31 अगस्त को ही रसोई में उनका जन्मदिन गरीब-बेसहारों को भोजन कराकर मनाया जाएगा। विश्वकर्मा समाज समिति बैतूल इससे पहले 2017 से 2018 तक रसोई का संचालन कर चुका है। उस समय बड़ी संख्या में लोग जन्मदिन, पुण्यतिथि और श्राद्ध जैसे अवसरों पर रसोई में आकर गरीबों को नि:शुल्क भोजन कराते थे। व्यापारियों, समाजसेवियों और प्रतिष्ठित नागरिकों का भी भरपूर सहयोग मिलता रहा। संस्थान का कहना है कि सभी के सहयोग से एक बार फिर गरीबों और बेसहारों की सेवा का यह अवसर मिला है, जिसे और बेहतर तरीके से संचालित किया जाएगा।