(बैतूल) तिरंगा लहराने लंदन रवाना होंगे विक्रम अवार्डी रामबरन पाल, इंग्लिश चैनल पार करने लंदन पहुंचेंगे
- दिव्यांगता नहीं रोक पाई हौसला, सहयोगियों और जनप्रतिनिधियों के सहारे अब पूरा होगा रामबरन का सपना
- देश के लिए समुद्र से टकराएंगे
बैतूल(हेडलाइन)/नवल वर्मा । बैतूल के स्विमिंग कोच और विक्रम अवार्डी रामबरन पाल का इंग्लिश चैनल पार करने का सपना अब पूरा होने जा रहा है। समाजसेवियों और जनप्रतिनिधियों के सहयोग से लंदन जाने का उनका रास्ता साफ हो गया है। रामबरन का वीजा बन चुका है और फ्लाइट की टिकट भी बुक हो गई है। अब वे 3 सितंबर की रात 9.30 बजे बैतूल रेलवे स्टेशन से इंदौर के लिए रवाना होंगे। 4 सितंबर को इंदौर से मुंबई और फिर 6 सितंबर को मुंबई से लंदन के लिए उड़ान भरेंगे।
रामबरन पाल ने बताया कि वे 20 सितंबर तक लंदन में इंग्लिश चैनल के ठंडे पानी में अभ्यास करेंगे और इसके बाद चैनल स्विमिंग एंड पायलटिंग फेडरेशन की देखरेख में ऐतिहासिक प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे। उनके साथ उनके कोच सतेन्द्र सिंह भी मौजूद रहेंगे। फेडरेशन ने उन्हें आधिकारिक रूप से सितंबर 2025 के लिए बुक किया है।
रामबरन पाल बैतूल नगर पालिका के स्विमिंग पूल में कोच के रूप में कार्यरत हैं और उनके मार्गदर्शन में हजारों युवा तैराकी की दुनिया में नाम कमा चुके हैं। वे खुद राष्ट्रीय स्तर पर 22 और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर 2 पदक जीत चुके हैं। मध्यप्रदेश सरकार उन्हें राज्य के सर्वोच्च खेल सम्मान विक्रम अवार्ड से सम्मानित कर चुकी है। इंग्लिश चैनल पार करना दुनिया की सबसे कठिन तैराकी मानी जाती है, जिसे स्विमिंग की एवरेस्ट चढ़ाई भी कहा जाता है।
रामबरन पाल ने कहा कि इस तैराकी से वे देश का नाम रोशन करना चाहते हैं और यह साबित करना चाहते हैं कि दिव्यांगता कभी भी किसी सपने की उड़ान में बाधा नहीं बन सकती। उन्होंने बैतूलवासियों और सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया, जिनके समर्थन से उनका सपना साकार होने जा रहा है।
नवल वर्मा हेडलाइन बैतूल 01 सितंबर 2025


ओंकारेश्वर में अनोखी पहल, आटे के दीपकों से दीपदान
PSL ट्रॉफी के बाद बाबर का बयान, तीनों फॉर्मेट पर साफ किया रुख
डॉक्टर की सलाह: अस्थमा फैमिली हिस्ट्री में हो तो बच्चों का रखें खास ख्याल
एम. के. स्टालिन पर मनोज तिवारी का हमला, बोले- सनातन विरोधियों को जनता ने नकारा
‘कोई पहले जाता है, कोई बाद में…’—सलमान खान का भावुक संदेश