बैतूल(हेडलाइन)/नवल वर्मा। भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार अपना जन्मदिन मना रहे बैतूल विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने अपने ही कार्यकर्ताओं को दिगभ्रमित और मायूस कर दिया है! वहीं मीडिया का भी आर्थिक नुकसान करा दिया? अचानक ही उन्होंने फैसला लिया कि उनके जन्मदिन पर किसी भी तरह का कोई विज्ञापन प्रचार-प्रसार नहीं होगा, होर्डिंग, बैनर कुछ भी नहीं रहेगा? अब उन्होंने यह फैसला क्यों किया यह तो किसी को भी समझ नहीं आ रहा है, लेकिन कुछ लोगों का मानना है कि भैया ने कहीं पढ़ा था कि वे संत है तबसे उनके मन में इस तरह चकाचौंध वाली विरक्ति का भाव आ रहा है। खैर विधायक हेमंत खण्डेलवाल के पिछले तीन वर्ष के जन्मदिन में जो ट्रेंड रहा है उसके आधार पर उनके करीबी और समझने का दावा करने वाले भाजपाई भी समझ नहीं पा रहे है कि भैया कब कौन सा मैसेज देने की कोशिश करते है। खैर शहर में जो कुछ होर्डिंग्स लग भी गए थे उन्हें भी मंगलवार को निकलवा दिया! अखबारों में जो विज्ञापनों की बुकिंग थी वह भी कैंसिल हो गई?

- कैरेक्टर 01 : जब पूर्व विधायक तब - वर्ष 2023 के जन्मदिन पर हुआ था भव्य जलसा...
 जब हेमंत खण्डेलवाल किसी पद पर नहीं थे तब विधानसभा चुनाव के ठीक पहले 2023 में उन्होंने अपने पुराने निवास पर भव्य तरीके से जन्मदिन मनाया था साथ ही शहर में होर्डिंग की भरमार थी और अखबार विज्ञापनों से पटे हुए थे।

- कैरेक्टर 02: जब विधायक बने - वर्ष 2024 में होर्डिंग और विज्ञापन तक सीमित...
हेमंत खण्डेलवाल जब दूसरी बार विधायक चुने गए तो उस समय शहर में ऐसा कोई होर्डिंग नहीं था जिसमें उन्हें जन्मदिन की बधाई देने वाला फ्लेक्स ना लगा हो। साथ ही अखबारों में भरपूर विज्ञापन भी उनके समर्थकों ने छपवाए। 

- कैरेक्टर 03 : जब प्रदेश अध्यक्ष बने - वर्ष 2025 में होर्डिंग से फ्लेक्स हटवाए गए...
वर्ष 2025 में अपने जन्मदिन से दो दिन पहले ही हेमंत खण्डेलवाल ने घोषणा कर दी कि उनके जन्मदिन पर किसी भी तरह का आयोजन ना हो और ना ही शहर में किसी भी तरह के फ्लेक्स लगाए जाए और ना ही विज्ञापन दिए जाए? 

- क्या बैतूल विधायक को यह डर रहता है कि कोई उनका उपयोग ना कर ले...
जो चर्चाए है उसके मुताबिक बैतूल विधायक इस बात का भरपूर ध्यान रखते है कि कोई उनका इतना भरोसेमंद या करीबी दिखाई ना दे कि उसको तवज्जो मिलने लग जाए। उन्हें डर लगा रहता है कि कोई होर्डिंग, बैनर, विज्ञापन आदि में उनके साथ फोटो छपवाकर और करीबी दिखाकर दोहन ना कर ले।
नवल वर्मा हेडलाइन बैतूल 03 सितम्बर 2025