(बैतूल) ट्रैफिक इंचार्ज नए कप्तान को प्रभावित करने के लिए खबर में दिखा रहे एक्शन..! , - पांच दिन में 800 वाहन से जमा कराये 03 लाख 09 हजार के चालान
बैतूल (हेडलाइन) / नवल वर्मा। अचानक ही लंबे समय बाद खबरों के माध्यम से यह सामने आया कि शहर में ट्रैफिक अमले ने ताबड़तोड़ कार्रवाई की और करीब 03 लाख का समन शुल्क जमा कराया। साथ ही यह भी बताया गया कि पांच दिन में 800 चालकों से तीन लाख 09 हजार का राजस्व शासन को दिया! इस कवायद से यह नजर आया कि शायद नए कप्तान वीरेन्द्र जैन के आने के बाद ट्रैफिक के काफी पुराने इंचार्ज अपनी प्रतिभा से उन्हें परिचित कराना चाह रहे है और कहीं ना कहीं इम्प्रेस करने की कोशिश कर रहे है? जबकि शहर में ट्रैफिक व्यवस्थाएं कैसी है और उसका खामियाजा क्या-क्या है यह किसी से दबा छिपा नहीं है। शहर में कहीं पर भी जाम लगा हो, लेकिन वहां पर ट्रैफिक अमले का एक अदना सा सिपाही भी नजर नहीं आता है? पिछले कुछ वर्ष से ट्रैंड बन गया है कि ट्रैफिक का अमला एक जगह खड़ा होता है और चालान पर चालान काटता है?
- अब ट्रैफिक पाईंट पर क्यों नजर नहीं आते ट्रैफिक कर्मी...
शहर में वर्षो से चिन्हित ट्रैफिक पाईंट है। यहां पर पहले हमेशा सुबह 8 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दोपहर में 3 बजे से शाम 7 बजे तक ट्रैफिककर्मियों की तैनाती होती थी, लेकिन पिछले लगभग पांच वर्ष में किसी ने भी इस सिस्टम के तहत ट्रैफिककर्मियों को यातायात संभालते नहीं देखा? इन पाईंट में गेंदा चौक, नेहरूपार्क चौक, लल्ली चौक, मुल्ला पेट्रोल पंप चौक , शिवाजी चौक, कॉलेज चौक, तांगा स्टेण्ड चौक, दिलबहार चौक प्रमुख रूप से शामिल है। वहीं बडोरा में भी एक पुलिसकर्मी दिन भर तैनात रहता था।
- पांच वर्ष से ट्रैफिक में सेवाएं दे रहे है वर्तमान इंचार्ज...
बैतूल ट्रैफिक के वर्तमान इंचार्ज लगभग पांच वर्ष के अरसे से बैतूल की ट्रैफिक व्यवस्थाओं का बोझ उठाते आ रहे है और पिछले दो वर्ष से तो वे फुल फ्लेस ट्रैफिक इंचार्ज बने हुए है? अभी हाल ही में डीजीपी द्वारा पुलिसकर्मियों की पोस्टिंग को लेकर दो आदेश जारी किए गए थे, लेकिन इन आदेश के बाद भी टीआई पोस्ट वाली ट्रैफिक इंचार्ज के पद पर सूबेदार ही जिम्मेदारी संभाल रहे है?
- साहब के बहुत खास थे इंचार्ज...
वर्तमान ट्रैफिक इंचार्ज तबादला होकर गए आईपीएस निश्चल झारिया के बेहद खास अधिकारियों में शुमार थे। अक्सर शाम को इन्हें एसपी बंगले के आसपास ही देखा जाता रहा है।
नवल वर्मा हेडलाइन बैतूल 14 सितम्बर 2025


गढ़फुलझर नानकसागर में होला मोहल्ला कार्यक्रम में शामिल हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय
छोटी बचत से बड़ा कदम, महतारी वंदन योजना से शुरू हुआ अपना व्यवसाय
मुख्यमंत्री डॉ. यादव 16 मार्च को अभिमुखीकरण कार्यक्रम में होंगे शामिल
प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना से बदली जयराम देवांगन की किस्मत
महिलाओं के जीवन में आत्मविश्वास और स्वावलंबन का नया सवेरा