बैतूल(हेडलाइन)/नवल वर्मा। फरवरी-मार्च माह में जिले भर में राष्ट्रीय पशु संगणना की गई। 21 वीं पशु संगणना में जो प्रारंभिक आंकड़े सामने आए है उसमें पिछली दोनों संगणना के ट्रेंड के अनुसार ही जिले में दुधारू पशु गाय और भैंस प्रजाति की संख्या में लगातार कमी आ रही है। यह स्थिति तब है जब जिले में लगातार दूध का उत्पादन बढ़ रहा है। वहीं दूसरी ओर खास बात यह है कि गाय के मुकाबले बैलों की संख्या बहुत तेजी से कम हो रही है। इसके अलावा भैंस के मुकाबले भैंसे की संख्या में भी कमी आ रही है। वहीं पालतू पशु में देखा जाए तो घोड़ों की संख्या बढ़ी है जबकि गधों की कम हो गई है। इसके अलावा भेड़ों की संख्या में अच्छी खासी वृद्धि देखी जा रही है। बकरी प्रजाति में भी वृद्धि देखी जा रही है। पिछली 19 वीं संगणना में बैतूल जिले में एक भी ऊंट नहीं था, लेकिन इस बार 26 ऊंट बैतूल जिले में होना बताया जा रहा है। वहीं सूअर की संख्या भी पिछली संगणना के मुकाबले बहुत कम हुई है। कुल मिलाकर पशुओं की संख्या में कमी सामने आ रही है।

- पांच वर्ष में ही गौवंश की संख्या में 78 हजार की कमी दर्ज की...
 जहां 20 वीं पशु संगणना में 5 लाख 73 हजार 205 गौवंश की गणना की गई थी। वहीं 2025 में हुई 21 वीं पशु संगणना में यह संख्या 4 लाख 95 हजार 188 रह गई है। इस तरह से 78 हजार गौवंश कम हो गया है। इस बार की पशु संगणना में 2 लाख 21 हजार 245 बैल बताए गए है। जबकि पिछली पशु संगणना में इनकी संख्या में 2 लाख 77 हजार 127 थी। वहीं गाय में इस बार की गणना में 2 लाख 73 हजार 945 का आंकड़ा आया है। तो पिछली गणना में 2 लाख 96 हजार 78 था।

- पिछली संगणना से साढ़े आठ हजार भैंसवंशी पशु हुए कम...
दुधारू पशु में भैंस वंशी पशु की महत्वपूर्ण भूमिका है। जहां 20 वीं संगणना में इनकी संख्या 1 लाख 73 हजार 775 थी जो घटकर 1 लाख 65 हजार 218 पर आ गई है। जहां पिछली संगणना में भैंसा की संख्या 16369 थी जो बढक़र 19375 हो गई है। जबकि भैंस की संख्या 1 लाख 57 हजार 407 थी जो घटकर 1 लाख 45 हजार 843 हो गई है। यदि 2012 की 19 वीं पशु संगणना को देखे तो 19 हजार 657 की वृद्धि देखी गई थी, जबकि इस बार भैंसों की संख्या में भारी कमी आई है। 

- पालतू से ज्यादा आवारा कुत्तों की संख्या में हुई बढ़ोत्तरी...
यदि पालतू पशु में देखा जाए तो कुत्तों की संख्या पिछली पशु संगणना में 11 हजार 987 थी, वहीं इस बार यह संख्या बढक़र 12 हजार 469 हो गई है। इसमें खास बात यह है कि कुत्ता 10 हजार 810 है और कुतिया मात्र 01 हजार 695 है।
नवल वर्मा हेडलाइन बैतूल 17 सितम्बर 2025