बैतूल(हेडलाइन) / नवल वर्मा। बरेठा में जाम की समस्या कोई आजकल की नहीं है। बैतूल से औबेदुल्लागंज तक फोरलेन बन गया, लेकिन बरेठा घाट से 20 किलोमीटर में इस फोरलेन का निर्माण नहीं हो पाया और यही जाम का सबसे बड़ा कारण है। इस मामले में पिछले वर्ष सितम्बर में ही सांसद और केन्द्रीय मंत्री डीडी उईके ने बयान जारी कर बताया था कि बरेठा घाट में फोरलेन निर्माण के लिए 550 करोड़ स्वीकृत किए गए है। उन्होंने यह बात केन्द्रीय सडक़ और परिवहन मंत्री नितिन गडक़री के हवाले से कही थी। वहीं एनएचएआई भोपाल के प्रोजेक्ट डायरेक्टर मनीष मीणा ने भी दावा किया था कि टेंडर लग चुके है और टाईगर प्रोजेक्ट को लेकर जो समस्याएं भी आ रही थी उसका भी निदान हो चुका है, जल्द ही यहां फोरलेन का निर्माण शुरू हो जाएगा। एक वर्ष बीत जाने के बाद भी स्थिति यथावत है। ऐसे में सवाल यह उठता है कि केन्द्रीय मंत्री नितिन गडक़री के हवाले से बैतूल सांसद और केन्द्रीय राज्य मंत्री डीडी उईके का दावा और एनएचएआई और प्रोजेक्ट डायरेक्टर का दावा क्या झूठा था? इस पूरे मामले में पेंच यह है कि अमरावती के किसी पर्यावरण कार्यकर्ता ने हाईकोर्ट में याचिका लगा रखी है और बरेठा को टाईगर मूवमेंट का एरिया बता रखा है? यह सब फारेस्ट की ही एक रिपोर्ट के आधार पर हुआ है। बैतूल से बागदेव तक फोरलेन बना रही ठेका कंपनी जितेन्द्र सिंह एण्ड कंपनी ने बरेठा में घाट छटाई का काम भी शुरू कर दिया था, लेकिन इस याचिका के कारण यह काम बंद कर दिया गया। फिलहाल जो स्थिति नजर आ रही है उसमें यहां पर जाम की समस्या से जल्द कोई निजात नहीं मिलना वाली, इस स्थिति में जो जैसा है वैसा ही चलेगा। 

- जिले के जनप्रतिनिधि टोल टैक्स बंद करा दे यही बड़ी बात है...
पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष हेमंत वागद्रे का कहना है कि भाजपा के जनप्रतिनिधि जिसमें सांसद और सभी विधायक शामिल है, केवल हवाई फायर करते है। बरेठा में 550 करोड़ का फोरलेन बनने का दावा भी ऐसा ही था। उनका कहना है कि यह ज्यादा कुछ नहीं कर पा रहे तो जो कुण्डी में अवैध टोल टैक्स वसूली हो रही है उसे बंद करा दे।

- दोनों फोरलेन का निर्माण बेहद घटिया स्तर का किया गया
वरिष्ठ पत्रकार राज मालवीय का कहना है कि बंसल कंपनी द्वारा बैतूल से इंदौर फोरलेन और जितेन्द्र सिंह एण्ड कंपनी द्वारा बैतूल से बागदेव तक जो फोरलेन बनाया है उसकी क्वालिटी बहुत ही घटिया है, अभी से उखड़ रहा है। उनका कहना है कि जनप्रतिनिधियों की बातों में दम नहीं है।
नवल वर्मा हेडलाइन बैतूल 30 सितम्बर 2025