बैतूल(हेडलाइन)/नवल वर्मा। जनजाति कार्य में सामान्य तौर पर किसी की भी नजर नहीं जाती और ना ही वहां कोई खोजबीन करता है। इसलिए वहां कुछ भी मनमानी चलती है। इसका एक नमूना फिर सामने आया है। सहायक आयुक्त विवेक पांडे ने जिले की कबड्डी की 14 वर्ष बालक-बालिका टीम को मध्य क्षेत्र स्पर्धा के लिए जाने का बजट ही नहीं दिया और खिलाड़ी मायूस होकर रह गए। यह स्पर्धा खंडवा जिले के खालवा में 4 और 5 अक्टूबर को आयोजित हुई जिसमें जनजातीय कार्य विभाग के अंतर्गत बैतूल, खंडवा, नर्मदापुरम, भोपाल, बुरहानपुर और सीहोर जिले की टीमें शामिल होना था, लेकिन बैतूल जिले से टीम ही नहीं भेजी गई। इस टीम में कोच और टीम अधिकारी के अलावा 12-12 खिलाड़ी बालक-बालिका वर्ग से खेलने जाना था। जिले में ब्लॉक स्तरीय स्पर्धा के बाद जिला स्तर में चयनित यह खिलाड़ी अधिकारी की मनमानी के कारण मायूस हो गए।


- सहायक आयुक्त की होशियारी के कारण एथेलेटिक्स संभागीय राज्य में भूखे प्यासे अलीराजपुर पहुंचे बैतूल के खिलाड़ी...
इसके पहले 29 सितम्बर को अलीराजपुर में जनजातीय कार्य विभाग का संभागीय राज्य स्पर्धा का आयोजन एथेलेटिक्स वर्ग में अलीराजपुर में हुआ। इसमें टीम को हर हाल में 28 सितम्बर की शाम तक पहुंच जाना था। जिससे कि वे सुबह से शुरू हो रही स्पर्धा में शामिल हो सके, लेकिन सहायक आयुक्त ने 28 की शाम तक बजट नहीं दिया और आखरी में रात 10 बजे दो ट्रेक्स गाडिय़ों में ठूंस-ठूंसकर भरकर करीब 35-40 खिलाड़ी और कोच बैतूल से रवाना किए गए। यह रात भर भूखे प्यासे सफर करने के बाद 29 सितम्बर को दोपहर 2 बजे अलीराजपुर पहुंचे, अब इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि खिलाड़ी क्या कर पाएंगे होंगे।
- पिछले सत्र में भी एथेलेटिक्स टीम नहीं जा पाई और मामला दबा दिया गया...
पिछले शिक्षा सत्र में भी बैतूल जिले की एथेलेटिक्स टीम उच्च स्तरीय स्पर्धाओं में नहीं जा पाई। बताया गया कि उस वक्त की सहायक आयुक्त ने टीम भेजना जरूरी नहीं समझा, जबकि बैतूल जिले में विभाग के दोनों क्रीड़ा परिसर में एथेलेटिक्स मेन इवेंट में शामिल है। उस वक्त जब मामला उठा तो क्रीड़ा अधिकारी केके कहार और सहायक आयुक्त शिल्पा जैन ने दबा दिया। यह सब जब हो रहा है जब जिले में केन्द्रीय मंत्री सांसद है और जनजातीय कार्य के है।

- इनका कहना...

जिले के खिलाडिय़ों को इस मनमानी के खिलाफ सडक़ पर उतरना चाहिए और ऐसे अधिकारियों को दंडित करवाना चाहिए। केन्द्रीय मंत्री और विधायकों को फोरन इस पर एक्शन लेना चाहिए नहीं तो आने वाली पीढ़ी माफ नहीं करेगी।

हेमंत चन्द्र बबलू दुबे, वरिष्ठ खिलाड़ी ।
नवल वर्मा हेडलाइन बैतूल 08 अक्टूबर 2025