बैतूल /मुलताई(हेडलाइन)/नवल वर्मा। नगर में आज शाम फव्वारा चौक से गांधी चौक रोड पर स्थित एक दुकान के सामने आरएसएस के जिला प्रचारक शिशुपाल यादव तथा मुस्लिम युवकों का विवाद हो गया जिसमें मारपीट भी हुई। अचानक हुए विवाद से नगर का माहौल गरमा गया,  इस दौरान हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने मौके पर पहुंचकर जहां मार्ग पर चक्काजाम किया, वहीं मुस्लिम युवकों के घर के सामने जमघट लग गया। 
इस दौरान एसडीओपी एसके सिंह एवं थाना प्रभारी देवकरण डहरिया सहित पुलिसकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया लेकिन हिंदु संगठन के कार्यकर्ता मुस्लिम युवकों को तत्काल गिरफ्तार करने को लेकर अड़े रहे। घटना से पूरे नगर में हडक़ंप मच गया एवं साप्ताहिक बाजार होने से मुख्य मार्ग पर भी अफरा तफरी मच गई। इधर हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने थाने पहुंचकर विरोध जताया वहीं मुख्य मार्ग पर बैठकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। घटना की गंभीरता के दृष्टिगत पुलिस अधीक्षक तथा कलेक्टर तत्काल मुलताई पहुंचे। घटना के बाद तत्काल व्यापारियों ने अपनी दुकानें बंद कर दी वहीं हिंदू संगठन के कार्यकर्ता भी नारेबाजी करते हुए दुकान बंद कराते नजर आए। इधर घटना का पता चलते ही थोड़ी ही देर में पूरा नगर बंद हो गया। बताया जा रहा है कि पुलिस द्वारा घटना के बाद मुस्लिम युवकों को नही पकडऩे से हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता भडक़ गए, जिससे स्टेशन मार्ग पर पुलिस से भी झूमाझटकी हुई। घटना को लेकर पुलिस अधीक्षक एवं कलेक्टर द्वारा थाने में दोनों पक्षों से चर्चा की जा रही है।
नवल वर्मा हेडलाइन बैतूल 09 अक्टूबर 2025