बैतूल(हेडलाइन)/नवल वर्मा। जिले में फसल नुकसानी को लेकर तीन दिन विशेष सर्वे राजस्व कर्मचारी और अधिकारियों द्वारा किया जाएगा। फसल नुकसानी के पहले हुए सर्वे में किसानों को किसी तरह की राहत ना मिलने को लेकर राष्ट्रीय दिव्य दुनिया ने 27 अक्टूबर को राजस्व के नेत्रांकन में फसल क्षति 25 फीसदी से भी कम इसलिए नहीं मिलेगी कोई भी राहत और इसके बाद 30 अक्टूबर को प्रशासन बता रहा 23 फीसदी तक नुकसान और किसान सामने आए 60 फीसदी फसल नुकसान का पंचनामा शीर्षक से खबर प्रकाशित की थी। इसके बाद ही यह बात सार्वजनिक हुई कि फसल नुकसानी को लेकर जो सर्वे किया गया वह सही नहीं था और इसमें जिस पैमाने पर नुकसान हुआ उसका सही आंकलन नहीं हुआ है? इसी आधार पर जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की बैठक में सोमवार को यह फैसला लिया गया कि तीन दिन तक विशेष सर्वे किया जाएगा। 
दीपावली के पश्चात हुई बारिश के बाद जिले में हुई भारी फसल नुकसानी पर विधायक बैतूल एवं प्रदेश अध्यक्ष हेमन्त खंडेलवाल ने चिंता व्यक्त करते हुए पुन: सर्वे कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि चूंकि एक सर्वे पहले हो चुका हैं, जिसमें ऐसे कई किसान छूट गए हैं, जिनकी फसल हालही में हुई बारिश के कारण खराब हुई है। ऐसे सभी किसानों का सर्वे किया जाएं, ताकि कोई भी प्रभावित किसान आर्थिक सहायता से वंचित न रहे।
 सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में फसल नुकसानी, खाद वितरण और मंडी व्यवस्थाओं को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में केंद्रीय मंत्री जनजातीय कार्य दुर्गादास उईके, विधायक एवं प्रदेश अध्यक्ष  हेमंत खंडेलवाल, विधायक आमला डॉ योगेश पंडाग्रे, विधायक मुलताई चंद्रशेखर देशमुख, विधायक भैंसदेही महेंद्र सिंह चौहान तथा कलेक्टर बैतूल नरेन्द्र कुमार सहित कृषि विभाग, सहकारिता एवं मंडी के अधिकारी उपस्थित रहें। विधायक घोड़ाडोंगरी श्रीमती गंगाबाई उईके वर्चुअली बैठक में शामिल हुई। केंद्रीय मंत्री श्री उईके ने कहा कि किसानों के फसल सर्वे ओर बीमा कंपनी के इंटीमेशन का कार्य पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता से पूर्ण किया जाएं। समस्त संबंधी विभाग अपनी सहभागिता सुनिश्चित कर सर्वे पूर्ण कराएं। सरकार की समस्त योजनाओं का लाभ पंक्ति के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।
विधायक श्री खंडेलवाल ने कहा कि जिले में ग्राम पंचायत स्तर तक विशेष अभियान चलाकर आगमी तीन दिनों में सर्वे कार्य पूर्ण कराएं और किसानों को आर्थिक सहायता दी जाएं। उन्होंने विशेष जोर देते हुए कहा कि फसल बीमा क्लेम की राशि से भी कोई बीमित किसान वंचित न रहें। जिले में सवा लाख से अधिक किसान बीमित है, सभी किसानों का इंटीमेशन (शिकायत) दर्ज कराए हैं। जो कि सभी के लिए चिंता की बात है?
 विधायक श्री खंडेलवाल ने कहा कि कृषि, जनपद और राजस्व का अमला अपने क्षेत्र में फील्ड विजिट करें और सभी प्रभावित किसानों से संपर्क कर उनका बीमा कंपनी के पोर्टल पर तीन दिन के अंदर इंटीमेशन दर्ज कराए? इसी प्रकार रेवेन्यू के अमला भी फील्ड में जाकर पुन: सर्वे करें। जिससे किसान आरबीसी 6(4)  के तहत आर्थिक सहायता और बीमा कंपनी की राशि प्राप्त हो सके ।
नवल वर्मा हेडलाइन बैतूल 03 नवंबर 2025