बैतूल(हेडलाइन)/नवल वर्मा।  बैतूल तहसील बालाजी विहार के नाम से आठनेर रोड पर जिस कालोनी का विज्ञापन के माध्यम से प्रचार-प्रसार हो रहा था उसे आखिरकार एसडीएम के सख्त आदेश के बाद पटवारी आर.के. अमझरे ने तलाश कर ही लिया है? यह कालोनी पटवारी हल्का नंबर 69 हनोतिया में तेढा जोड़ पर खसरा नंबर 20 में स्थित है। 0.809 हेक्टेयर भूमि पर इस कालोनी का निर्माण किया जा रहा है। इस कालोनी के अवैध होने को लेकर भी पटवारी अमझरे ने एसडीएम बैतूल को अपना प्रतिवेदन दे दिया है। अब देखना यह है कि उक्त कालोनी के मामले में कब तक एफआईआर और प्रबंधन जैसी कार्रवाई होती है या नोटिस-नोटिस जैसा खेल चलते रहता है? जानकारी के अनुसार आकाश मालवीय और उसके पाटनर्स द्वारा यह कालोनी बनाई जा रही है। यहां इन्होंने बाउंड्रीवाल बनाकर ले-आउट डालकर खुटिया भी गाड़ी है। यह जमीन ग्राम हनोतिया भरकावाड़ी की सरहद पर स्थित है जो आठनेर जाने वाले रोड से लगभग डेढ़ किलोमीटर अंदर है। पटवारी के अनुसार कालोनाईजर ने किसी भी प्रकार की अनुमति वाली जानकारी उपलब्ध नहीं कराई है। पटवारी के इस तरह के प्रतिवेदन से सिद्ध हो गया है कि यह कालोनी पूरी तरह से अवैध है और यहां पर प्लॉट बनाकर बेचे भी जा रहे है? एसडीएम कार्यालय के डायवर्सन आरआई राहुल इवने का कहना है कि उक्त कालोनी को लेकर प्राप्त प्रतिवेदन एसडीएम के समक्ष रखा जाएगा और उनके निर्देश के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। राहुल इवने के मुताबिक रजिस्ट्रार ऑफिस से रजिस्ट्री की जानकारी भी मांगी जाएगी? साथ ही प्रचार-प्रसार और बुकिंग को लेकर भी जानकारी जुटाई जा रही है? जल्द ही एफआईआर और प्रबंधन के लिए प्रतिवेदन बनाकर एसडीएम के समक्ष रखा जाएगा?

- खसरा नंबर 332/2 में एफआईआर ना होने से बड़े हौसले...
 जो कालोनाईजर हनोतिया में यह कालोनी बना रहे है उनको लेकर बताया है कि इनका ही एक मार्गदर्शक जो मूल पार्टनर है, इसने हमलापुर पटवारी हल्के में भी खसरा नंबर 332/2 में अवैध कालोनी बनाई थी? इस कालोनी को लेकर पटवारी प्रतिवेदन दो बार लिया गया? फिर रजिस्ट्रार के यहां से जानकारी ली गई, लेकिन एफआईआर नहीं कराई गई? पूर्व एसडीएम ने तो कई बार आरआई को एफआईआर के लिए कहा था?
नवल वर्मा हेडलाइन बैतूल 17 नवंबर 2025