बैतूल(हेडलाइन)/नवल वर्मा। बैतूल शहर में भू-जल स्तर बनाये रखने का एक बड़ा स्त्रोत पहलवान बाबा के पास का अभिनंदन सरोवर भी है, यह सरोवर शहर के एक बड़े इलाके में वाटर लेवल को मेंटेन रखता है, लेकिन इतनी महत्वपूर्ण धरोहर को भी बचाने और संवर्धन करने में किसी की कोई रूचि नहीं है। इस सरोवर की आखरी बार सुध पूर्व कलेक्टर सुधा चौधरी ने अपने कार्यकाल के दौरान ली थी, उन्होंने ने तो श्रमदान से इस सरोवर की काया पलट कर दी थी। उन्होंने सरोवर को एक बेहतर स्थिति में ले जाकर खड़ा किया, लेकिन स्थानीय निकाय और बैतूल के नागरिक उसे भी बरकरार रखने में नाकाम है? अब स्थिति यह है कि भारी बारिश के बावजूद भी यह तालाब पूरा नहीं भर पाता और गर्मी आने के पहले ही सूख जाता है? यह सब हो रहा है, लेकिन कोई भी जिम्मेदार इस तरफ ध्यान देने को ही तैयार नहीं है, विकास सिर्फ कांक्रीट के जंगल के रूप में नजर आ रहा है। 

- प्रतिदिन सैकड़ों श्रमदानी करते थे सुबह दो घंटे श्रमदान...
किसान प्रतिनिधि और व्यवसायी दीपक कपूर ने बताया कि वर्ष 2004-05 में सुधा चौधरी जब कलेक्टर थी तब उन्होंने इस तालाब की सुध ली और श्रमदान शुरू किया, नियमित श्रमदान में देखते-देखते सैकड़ों लोग जुड़ गए और तालाब का कायाकल्प हो गया। इसका गहरीकरण हुआ, पत्थर से पिचिंग कराई गई। उन्होंने बताया कि करीब 6 माह तक इस तालाब पर कलेक्टर स्वयं मिट्टी भरे तसले उठाकर श्रमदान करती थी।

-तालाब में पानी का स्त्रोत ही अब अस्त-व्यस्त हो गया...
अभिनंदन सरोवर में कंट्रोल रूम के तरफ से पुलिस पेट्रोल पंप के सामने की पुलिया से होते हुए रेस्ट हाउस के बगल की पुलिया से बारिश का पानी तालाब में पहुंचा था, लेकिन पिछले कुछ वर्षो में यह स्त्रोत अस्त-व्यस्त हो गया और पीडब्ल्यूडी और नगरपालिका जैसे विभागों में इसे हर बारिश के पहले मेंटेन करने में रूचि नहीं दिखाई?

- स्थानीय निकाय की रूचि केवल बजट खर्च करने में...
निकाय इस तालाब के सौंदर्यीकरण के नाम पर लाखों रूपए खर्च कर चुका है? यहां पर बोट चलाने से लेकर फव्वारे तक खरीदे गए, लेकिन वर्तमान में कुछ नहीं चल रहा है? तालाब के बगल में वाशिंग सेंटर का पानी भी इसमें जा रहा है और वह पानी भी खींच रहा है, इस पर किसी का ध्यान नहीं?

- अब दूसरी तरफ मार्केट बनाकर तालाब को पूरा तबाह करने की तैयारी...
  तालाब के पीछे वाले हिस्से में गुमठीधारियों को बैठाया जा रहा है? माना जा रहा है कि इसके बाद यह तालाब भी सन्मति सरोवर की राह पर चला जाएगा, इस तालाब में भी अब दुकानों का निकलने वाल कूड़ा करकट ही डाला जाएगा?
नवल वर्मा हेडलाइन बैतूल 21 दिसंबर 2025