(बैतूल) नपा परिषद के सम्मेलन में आज गंजन सिंह की प्रतिमा स्थापना और लाड़ो मार्ग बनाने पर विचार , - परिषद के एजेंडे में 33 प्रस्तावों को रखा गया, जिसमें सर्वाधिक प्रस्ताव सडक़, नाली के
बैतूल(हेडलाइन)/नवल वर्मा। लगभग चार माह की अवधि के बाद नगरपालिका परिषद का सम्मेलन आज बुधवार को होगा, यह सम्मेलन बाल मंदिर सभा कक्ष में दोपहर 2 बजे से होगा। इस सम्मेलन में जो एजेंडा है उसमें 33 प्रस्ताव शामिल किए गए है, इन प्रस्तावों में शहर के किदवई वार्ड, लोहिया वार्ड, गांधी वार्ड, अंबेडकर वार्ड, देशबंधु वार्ड, महावीर वार्ड, शिवाजी वार्ड, मोती वार्ड और गणेश वार्ड में सडक़, नाली आदि के निर्माण के प्रस्ताव तो शामिल है ही साथ ही एजेंडा क्रमांक 8 पर कारगिल चौक से अंबेडकर चौक की ओर जाने वाले मार्ग का नाम लाडो फाउंडेशन के अनुरोध पर लाडो मार्ग किए जाने पर विचार होगा। इसके अलावा जंगल सत्याग्रह के नायक सरकार गंजन सिंह कोरकू की प्रतिमा स्थापना के लिए शासकीय भूमि आवंटन के संबंध में भी विचार किया जाएगा। वहीं शहर में होने वाली शादियों में प्लॉस्टिक डिस्पोजल फ्री करने पर विचार होगा।
- आत्म निर्भर भारत और नेक्स्ट जेन जीएसटी रिफार्म पर भी चर्चा...
परिषद के सम्मेलन में एजेंडा क्रमांक 1 में केन्द्र सरकार द्वारा नेक्स्ट जेन जीएसटी रिफार्म के समर्थन में अध्यक्ष द्वारा दी गई स्वीकृति की पुष्टि किए जाने पर विचार किया जाएगा। वहीं आत्म निर्भर भारत के लिए स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता दिए जाने के संबंध में भी विचार और अध्यक्ष के प्रस्ताव का समर्थन किया जाएगा।
- यह भी है कुछ महत्वपूर्ण प्रस्ताव...
1 - नगर के अवैध नल कनेक्शन वैद्य किया जाना।
2 - ठोस अपशिष्ट प्रबंधन संबंधी दरों में वृद्धि किए जाने का प्रस्ताव।
3 - डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन करने वाली संस्था का दो माह का समय बढ़ाने संबंधी।
4 - शहर में रात्रिकालीन सफाई व्यवस्था के लिए 100 श्रमिक निजी एजेंसी के माध्यम से लिए जाने पर विचार।
5 - चन्द्रशेखर वार्ड, विकास वार्ड, शंकर वार्ड, भगत सिंह वार्ड में रिटर्निंग वॉल नाला निर्माण पर विचार।
6 - नगर के समस्त वार्डो में स्ट्रीट लाईट व्यवस्था को लेकर चर्चा और विचार।
7 - अमृत 2.0 अंतर्गत सीवरेज प्लांट की न्यूनतम दर को विचार और स्वीकृति बाबत्।
8 - चौपाटी निर्माण टेंडर को प्रशासकीय स्वीकृति बाबत।
नवल वर्मा हेडलाइन बैतूल 21 जनवरी 2026


मतदाता सूची में बड़ा ‘क्लीनअप’: 12 राज्यों में 7.2 करोड़ नाम हटे, 2 करोड़ नए जुड़े
हार्दिक के आउट होते ही क्रुणाल का जोश, सोशल मीडिया पर चर्चा