बैतूल(हेडलाइन)/नवल वर्मा। बैतूल नगरपालिका का टैक्स रेवन्यू लगभग 10 से 12 करोड़ होता है, लेकिन ऑनलाईन पोर्टल पर यह करीब 32 करोड़ रूपए नजर आ रहा है? इतनी बड़ी रकम देखकर पूरी नगरपालिका हैरान परेशान है? खोजबीन की गई तो यह सामने आया कि ई-नगरपालिका पोर्टल की कारस्तानी की वजह से अचानक ही नगरपालिका टैक्स रेवन्यू लगभग तीन गुना हो गया है। जब संपत्तियों का डेटा खंगाला गया तो यह सामने आया कि इस पोर्टल ने उन तमाम सरकारी संपत्तियों को भी टैक्स के दायरे में ला दिया है जो सरकारी है। इन सरकारी संपत्तियों पर किसी भी तरह का टैक्स का कोई प्रावधान ही नहीं है, लेकिन अब पोर्टल की वजह से यह संपत्तियां भी टैक्स के दायरे में आ गई और इन पर लाखों करोड़ों रूपये का टैक्स पोर्टल पर दिखाई दे रहा है, इसलिए नगरपालिका बैतूल  का टैक्स रेवन्यू 12 करोड़ से बढक़र अब सीधे 32 करोड़ पर पहुंच गया। 

- नपा के टैक्स के दायरे में आती है 30 हजार संपत्तियां...
नपा का टैक्स का रिकार्ड बता रहा है कि संपत्ति कर, प्रकाश कर, जल कर आदि जो भी टैक्स नगरपालिका लेती है इसके दायरे में व्यवसायिक और आवासीय दोनों मिलाकर लगभग 30 हजार संपत्ति आती है। इन संपत्तियों से ही नगरपालिका अपने निर्धारित दर के अनुसार हर वर्ष टैैक्स वसूली करती है और यही राजस्व का बड़ा जरिया है। 

- 1408 संपत्ति ने बढ़ा दिया करीब 20 करोड़ का टैक्स...
नगरपालिका ने शहर की करीब 1408 संपत्तियां चिन्हित की है, जिन पर पोर्टल ने टैक्स की गणना कर डाली है। बताया गया कि इन 1408 संपत्ति के कारण ही नगरपालिका का टैक्स रेवन्यू पोर्टल पर करीब 32 करोड़ नजर आ रहा है। इसकी वजह यह है कि वर्षो से टैक्स ना दिया जाना भी पोर्टल बताते हुए गणना कर रहा है। 

- अब नपा को लगाना पड़ रहा है संपत्तियों में छन्ना...
नगरपालिका से बताया कि पोर्टल अपडेट करने के दौरान वर्ष 2018-19 में हुए जीएसआई सर्वे का डेटा डाल दिए जाने की वजह से यह स्थिति बनी है और अब नगरपालिका को इस पर छन्ना लगाना पड़ रहा है, ऐसा नगरपालिका तीसरी बार कर रही है।
नवल वर्मा हेडलाइन बैतूल 03 फ़रवरी 2026