बैतूल(हेडलाइन)/नवल वर्मा। हमारे पड़ोसी जिले पांढूर्णा में अवैध कालोनियों के खिलाफ बड़ा एक्शन देखने में आया है। यहां पर एसडीएम अलका इक्का और नायब तहसीलदार विनय प्रकाश ठाकुर ने जवाहर वार्ड में बुलडोजर चलाकर अवैध कालोनी में सडक़, बिजली के पोल आदि तोड़ दिए। वहीं दूसरी ओर बैतूल में अवैध कालोनियों में सबकुछ ठंडा पड़ा हुआ है? स्थिति यह है कि चारों अनुविभाग में अवैध कालोनियों को लेकर मिल रही शिकायतें और पटवारियों के प्रतिवेदन पर भी किसी तरह का कोई एक्शन नहीं हो रहा है? केवल कागजी घोड़े दौड़ाए जा रहे है और यह घोड़े भी इतनी सुस्त रफ्तार से दौड़ रहे है कि महीनों हो जाने के बाद भी मुकाम पर कागज नहीं पहुंचता? कलेक्टर, कमिश्रर कान्फ्रेंस के समय मुख्यमंत्री मोहन यादव ने अवैध कालोनियों को लेकर ठोस कार्रवाई के निर्देश दिए थे, इन निर्देशों को देखते हुए प्रदेश के अन्य जिलों में तो एक्शन दिखाई दे रहा है, लेकिन बैतूल में कोई हलचल नहीं है? कलेक्टर समीक्षा बैठकों में जरूर अवैध कालोनियों पर सख्ती से कार्रवाई के निर्देश देते है, लेकिन जमीनी स्तर पर कोई भी एक्शन हाल फिलहाल तो देखने में नहीं आया है? जानकारी के अनुसार चारों एसडीएम और सभी नगरीय निकायों में लगभग एक सैकड़ा अवैध कालोनियों की जानकारी और शिकायतें है, लेकिन इन शिकायतों को नोटिस-नोटिस खेलकर ही दबा दिया जा रहा है? जबकि जो निर्देश है उसके अनुसार इस तरह की कालोनियों में बुलडोजर चलना चाहिए?

- सिर्फ कागज-कागज का खेल...
बैतूल अनुविभाग में भरकावाड़ी के खसरा नंबर 20, हमलापुर के खसरा नं 332/2 में बैतूल अनुविभाग से सिर्फ कागज-कागज का खेल हुआ और सिर्फ नोटिस देकर मामले को ठंडे बस्ते में डाल दिया गया? इससे अवैध कालोनाईजर धड़ल्ले से प्लॉट बेच रहे है?

- 6 माह पहले आखरी बार प्रशासन को जामठी में ग्रीन वैली कालोनी में एक्शन लेते देखा...
प्रशासन को बैतूल जिले में अवैध कालोनियों के मामले में आखरी बार 6 माह पहले जामठी पटवारी हल्के में भारत भारती स्थित एक कालोनी में ताबड़तोड़ एक्शन लेते देखा गया था और इसमें कालोनी को प्रबंधन में लेने के साथ एफआईआर भी दर्ज हुई थी। इसके बाद से कलेक्टर, एसडीएम, तहसीलदार किसी को भी कालोनी में बुलडोजर के साथ नहीं देखा गया? अभी एक माह पहले जरूर हमलापुर क्षेत्र एक अवैध कालोनी में तहसीलदार जीडी पाठे पहुंचे थे, लेकिन वहां भी जांच प्रतिवेदन के बाद कुछ भी नहीं हुआ है?
नवल वर्मा हेडलाइन बैतूल 05 फ़रवरी 2026