बैतूल(हेडलाइन)/नवल वर्मा । शिवम सेवा समिति द्वारा लगातार सेवा परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भी कमानी गेट, कोठी बाजार में 17वें महाभंडारे का आयोजन किया जा रहा है। यह महाभंडारा 14 फरवरी को प्रातः 11:30 बजे से प्रारंभ होकर 16 फरवरी की रात्रि तक निरंतर चलेगा। जहां तीन दिनों तक हजारों श्रद्धालुओं के लिए उत्तम भोजन व्यवस्था की जाएगी।
शिवम सेवा समिति के राकेश शर्मा रक्कू ने जानकारी देते हुए बताया कि समिति का मुख्य उद्देश्य भोपाल एवं पचमढ़ी महादेव दर्शन के लिए जाने और लौटने वाले श्रद्धालुओं की सेवा करना है। इन श्रद्धालुओं में जिले भर के किसान भाई, माताएं, बहनें और बच्चे बड़ी संख्या में शामिल रहते हैं। उनके लिए आने-जाने के दौरान सुस्वादु और व्यवस्थित भोजन की व्यवस्था इस महाभंडारे के माध्यम से की जाती है, ताकि वे श्रद्धा और सुविधा के साथ अपनी यात्रा पूर्ण कर सकें।

- रक्तदान शिविर का होगा आयोजन...
राकेश शर्मा ने बताया कि इस महाभंडारे के साथ मानव सेवा के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए रक्तदान भी किया जाएगा। उन्होंने बैतूल नगरवासियों से अपील की है कि जो भी व्यक्ति इस पुनीत कार्य में सहभागी बनकर रक्तदान करना चाहता हो, वह उनके मोबाइल नंबर 9425002521 पर संपर्क कर सकता है। शिवम सेवा समिति ने सभी भक्तजनों से इस महाआयोजन में शामिल होकर पुण्य लाभ अर्जित करने और सेवा कार्य में सहयोग देने की अपील की है।
 साथ ही समिति द्वारा बैतूल के सभी होटल व्यवसायी भाइयों से कैंसर मुक्त बैतूल के संकल्प को ध्यान में रखते हुए प्लास्टिक पॉलिथीन एवं ग्लास कप का उपयोग न करने का आग्रह भी किया गया है, ताकि सामाजिक और पर्यावरणीय जिम्मेदारी का संदेश भी जन-जन तक पहुंच सके।