बैतूल(हेडलाइन)/नवल वर्मा । शिवम सेवा समिति का 17वां महाभंडारा आज 14 फरवरी को प्रातः 11:30 बजे से कमानी गेट, कोठी बाजार में विधिवत प्रारंभ होगा। लगातार तीन दिनों तक चलने वाले इस महाभंडारे में हजारों श्रद्धालुओं के लिए उत्तम एवं व्यवस्थित भोजन की व्यवस्था की गई है। समिति के सदस्य पिछले कई दिनों से तैयारियों में जुटे हुए थे और आज से यह सेवा कार्य औपचारिक रूप से शुरू हो रहा है।
समिति के राकेश शर्मा रक्कू ने बताया कि शिवम सेवा समिति का मुख्य उद्देश्य भोपाली एवं पचमढ़ी महादेव दर्शन के लिए जाने और लौटने वाले श्रद्धालुओं की सेवा करना है। इन श्रद्धालुओं में जिले भर से बड़ी संख्या में किसान भाई, माताएं, बहनें और बच्चे शामिल रहते हैं। यात्रा के दौरान उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए महाभंडारे के माध्यम से सुस्वाद और स्वच्छ भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। यह महाभंडारा 16 फरवरी की रात्रि तक निरंतर जारी रहेगा।
महाभंडारे के साथ मानव सेवा के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया जाएगा। राकेश शर्मा रक्कू ने नगरवासियों से अपील की है कि जो भी व्यक्ति इस पुनीत कार्य में सहभागी बनना चाहता हो, वह मोबाइल नंबर 9425002521 पर संपर्क कर सकता है।
समिति ने सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश देते हुए बैतूल के सभी होटल व्यवसायी भाइयों से कैंसर मुक्त बैतूल के संकल्प को ध्यान में रखते हुए प्लास्टिक पॉलिथीन एवं ग्लास कप का उपयोग न करने का आग्रह भी किया है, ताकि पर्यावरण संरक्षण के साथ जनस्वास्थ्य के प्रति जागरूकता भी बढ़े। तीन दिवसीय इस महाआयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल बना हुआ है।
नवल वर्मा हेडलाइन बैतूल 13 फ़रवरी 2026