- भगवा ध्वज, तोरण और भगवान राम के फ्लेक्स से सजाया पूरा नगर
बैतूल(हेडलाइन)/नवल वर्मा । बैतूल नगर एक बार फिर राममय होने जा रहा है। 26 मार्च को राम जन्मोत्सव के अवसर पर राष्ट्रीय हिन्दू सेना द्वारा हिन्दू एकता शोभायात्रा का भव्य और ऐतिहासिक आयोजन किया जा रहा है। लगातार 10 वे वर्ष से आयोजित हो रही यह शोभायात्रा इस बार और भी बड़े स्तर पर निकाली जाएगी, जिसमें पूरे नगर को भगवा ध्वज, तोरण और भगवान राम के फ्लेक्स से सजाया जा रहा है। आयोजन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं और पूरे शहर में धार्मिक उत्साह साफ दिखाई दे रहा है।
इस बार शोभायात्रा ने मुख्य आकर्षण मां भारती के चरणों में विराजमान भगवान रामचंद्र की भव्य प्रतिमा रहेगी। इसके साथ ही भगवान हनुमान की प्रतिमा, राम लला की प्रतिमा, चलित राम दरबार और वानर सेना की झांकी श्रद्धालुओं के लिए आस्था का केंद्र बनेगी। आयोजकों के अनुसार इस बार झांकियों को विशेष रूप से तैयार किया गया है ताकि पूरे नगर में राम भक्तों के बीच एक अलग ही धार्मिक वातावरण बन सके।
- सदर गेंदा चौक पर बुद्धिजीवी और समाजसेवी करेंगे श्रीराम की आरती

राष्ट्रीय हिन्दू सेना के जिला अध्यक्ष अनुज राठौर ने बताया कि शोभायात्रा के दौरान सदर गेंदा चौक पर विशेष कार्यक्रम रखा गया है, जहां समाजसेवी, सामाजिक संस्थाओं से जुड़े बुद्धिजीवी और शहर के प्रमुख लोग भगवान रामचंद्र की आरती करेंगे। उन्होंने बताया कि यह शोभायात्रा में हर वर्ग के लोग शामिल होंगे।
- पांच झांकियां रहेंगी भक्ति और आस्था का केंद्र
युवा जिला मंत्री रोहित मालवीय ने बताया कि इस वर्ष भारत माता की प्रतिमा और भगवान राम की प्रतिमा विशेष रूप से तैयार कराई गई है, जो शोभायात्रा का सबसे बड़ा आकर्षण रहेंगी। इसके अलावा मां भारती के चरणों में विराजमान भगवान रामचंद्र, भगवान हनुमान की प्रतिमा, राम लला की झांकी, वानर सेना और चलित राम दरबार श्रद्धालुओं का ध्यान अपनी ओर खींचेंगे। पूरी शोभायात्रा को धार्मिक और ऐतिहासिक रूप देने की कोशिश की जा रही है।
- भगवा रंग से सजा नगर
जिला युवा उपाध्यक्ष अनिकेत यादव ने बताया कि राष्ट्रीय हिन्दू सेना पिछले कई वर्षों से राम जन्मोत्सव पर बैतूल नगर को भगवा रंग से सजाती आ रही है और इस बार भी पूरे नगर को भगवा ध्वज, तोरण और स्वागत द्वारों से सजाया गया है। जगह-जगह भगवान राम के फ्लेक्स लगाए गए हैं ताकि नगर पूरी तरह राममय दिखाई दे। उन्होंने बताया कि यह आयोजन हर साल समाज में एकता और धार्मिक आस्था को मजबूत करने का काम करता है और इस बार यह शोभायात्रा पहले से ज्यादा भव्य और ऐतिहासिक बनने जा रही है।
- लगातार 10 वर्षों से परंपरा को निभा रही राष्ट्रीय हिन्दू सेना
अनुज राठौर ने बताया कि राष्ट्रीय हिन्दू सेना द्वारा यह आयोजन लगातार 10 वर्षों से किया जा रहा है और हर वर्ष इसमें लोगों की भागीदारी बढ़ती जा रही है। इस बार भी हजारों की संख्या में श्रद्धालु शोभायात्रा में शामिल होंगे और पूरा बैतूल नगर राम नाम के जयकारों से गूंज उठेगा। आयोजन को लेकर कार्यकर्ता लगातार तैयारियों में जुटे हुए हैं और 26 मार्च को यह शोभायात्रा पूरे नगर के लिए ऐतिहासिक बनने वाली है।
नवल वर्मा हेडलाइन बैतूल 23 मार्च 2026