बैतूल(हेडलाइन)/नवल वर्मा । मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व कोषाध्यक्ष एवं बैतूल के पूर्व विधायक स्व. विनोद डागा की 77वीं जन्मजयंती 19 मई मंगलवार को श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई जाएगी। उनकी स्मृति में डागा हाउस, कोठी बाजार में सुबह से सुंदरकांड पाठ का आयोजन रखा गया है। पाठ समापन के बाद सुबह 11 बजे दीप प्रज्ज्वलित कर श्रद्धासुमन अर्पित किए जाएंगे तथा पुष्पांजलि सभा आयोजित होगी, जिसमें कांग्रेसजन, समर्थक एवं शहर के गणमान्य नागरिक शामिल होकर उन्हें याद करेंगे।
उल्लेखनीय है स्व. विनोद डागा कांग्रेस पार्टी के कद्दावर और सक्रिय नेताओं में गिने जाते थे। अपने राजनीतिक जीवन में उन्होंने जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हुए बैतूल में कांग्रेस संगठन को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सहज, मिलनसार और सरल व्यक्तित्व के कारण वे आम लोगों के बीच बेहद लोकप्रिय रहे। राजनीति के साथ-साथ वे बैतूल के प्रतिष्ठित उद्योगपति भी थे और सामाजिक गतिविधियों में उनकी सक्रिय भागीदारी रहती थी।
स्व.विनोद डागा की राजनीतिक और सामाजिक विरासत को उनके छोटे पुत्र एवं वर्तमान जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष, पूर्व विधायक निलय विनोद डागा आगे बढ़ा रहे हैं।