(बैतूल) राष्ट्रीय स्तर का स्टेडियम, बस स्टेण्ड, सब्जी बाजार और ट्रेचिंग ग्राउंड को मिली मंजूरी , - 48 करोड़ की जल योजना समेत कई बड़े फैसले, परिषद के सम्मेलन में 31 प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित
बैतूल(हेडलाइन)/नवल वर्मा। मंगलवार को आयोजित नगर परिषद सम्मेलन में शहर के विकास से जुड़े 31 महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा की गई। सभी प्रस्तावों को सर्वसम्मति से मंजूरी मिलने के बाद शहर में बुनियादी सुविधाओं, खेल, पेयजल, आवास, परिवहन और स्वच्छता से जुड़े विकास कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
बैठक में सबसे महत्वपूर्ण प्रस्ताव ताप्ती बैराज से फिल्टर प्लांट तक नई पाइपलाइन और इंटेकवेल निर्माण के लिए 48 करोड़ रुपये की प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति का रहा। इस योजना के लागू होने से शहर की पेयजल आपूर्ति व्यवस्था मजबूत होगी और नागरिकों को बेहतर जल सुविधा मिल सकेगी। स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए सीवरेज लाइन की पहली ई-निविदा को बिड वैलिडिटी 180 दिन होने के कारण निरस्त कर नई ई-निविदा आमंत्रित करने का निर्णय लिया गया। खेल सुविधाओं के विस्तार के लिए गौठाना ट्रेंचिंग ग्राउंड पर क्रिकेट स्टेडियम निर्माण, लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम को इंडोर स्टेडियम के रूप में विकसित करने, फुटबॉल स्टेडियम के लिए स्थल चयन तथा दिव्यांग पार्क निर्माण जैसे प्रस्तावों को भी मंजूरी दी गई।
बैठक में फैक्ट्री की भूमि पर गीता भवन, फूड जोन और ऑडिटोरियम निर्माण का प्रस्ताव भी पारित किया गया। वहीं अभिनंदन सरोवर क्षेत्र में 8.38 करोड़ रुपये की लागत से कमर्शियल कॉम्प्लेक्स निर्माण तथा गंज मंडी कॉम्प्लेक्स की 10 दुकानों के स्थानांतरण पर भी सहमति बनी।
यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए सदर बैल बाजार में बस स्टैंड स्थानांतरित करने, तितली चौराहा पर अंतरराज्यीय बस स्टैंड विकसित करने तथा कृषि विभाग की भूमि पर चिल्लर सब्जी बाजार स्थापित करने के प्रस्तावों को भी मंजूरी प्रदान की गई।
प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत झुग्गी बस्तियों के लिए भूमि चिन्हांकन कर आवास निर्माण का प्रस्ताव भी स्वीकार किया गया। इसे शहरी गरीबों को पक्का आवास उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
इसके अलावा वार्डों में डामरीकरण कार्य, नए विद्युत पोलों की स्थापना, रात्रिकालीन सफाई व्यवस्था के लिए 100 श्रमिकों की नियुक्ति तथा कैप्टिव सोलर प्रोजेक्ट के माध्यम से बिजली खर्च कम करने की योजना को भी स्वीकृति मिली। अमृत हरित महाअभियान के तहत व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाने का निर्णय भी लिया गया।
बैठक में नगर पालिका को नगर निगम में परिवर्तित करने के प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई, जिसे शहर के प्रशासनिक विकास की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। इसके अलावा सराय कॉम्प्लेक्स की दुकानों के आवंटन, चौपाटी बाजार निर्माण तथा विभिन्न तकनीकी और वित्तीय प्रस्तावों पर भी निर्णय लिए गए।
नवल वर्मा हेडलाइन बैतूल 16 जून 2026


प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना से होमेश्वर प्रसाद जायसवाल को मिली राहत, शून्य हुआ बिजली बिल
बिलासपुर संभागायुक्त ने निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज का किया निरीक्षण
युवाओं के लिए मध्यप्रदेश के 4 महानगरों में प्रारंभ होंगे फास्ट ट्रैक कोर्ट : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना: सृष्टि को घर के बिजली बिल में मिली बड़ी राहत
मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076: सीसी रोड बनने से ग्रामीणों को मिली राहत