(बैतूल) नगद राशि की जगह छात्रों को मिलेगी गणवेश, 3 वर्ष बाद बदला नियम , - गणवेश वितरण भी अधिकारियों और शासन के लिए प्रयोग बना, बार-बार बदले जाते हैं फार्मूले
बैतूल(हेडलाइन)/नवल वर्मा। पिछले तीन वर्ष से कक्षा 1 से लेकर 8 वीं तक पढऩे वाले विद्यार्थियों को मिलने वाली गणवेश के रूप में 600 रूपए की राशि दी जाती थी जो खाते में आती थी। इस बार नियम बदल गया है। इस बार शिक्षा विभाग गणवेश खरीदकर देगा। इस बदलाव को नीतिगत तौर पर देखा जा रहा है, लेकिन इसे एक बड़ा यू टर्न भी माना जा रहा है। नियम में बदलाव को लेकर विभाग के अधिकारी चिंतित भी नजर आ रहे है, क्योंकि स्कूल शुरू होने के साथ ही अब विद्यार्थियों की स्कूल ड्रेस को लेकर स्थितियां स्पष्ट नहीं की जा रही है। हर वर्ष सत्र के चार-पांच माह गुजर जाने के बाद स्कूल ड्रेस की प्रक्रिया शुरू होती है। जिले में पिछले शैक्षणिक सत्र में भी जो लक्ष्य निर्धारित किया गया था। उसमें सभी छात्रों को गणवेश नहीं मिलना सामने आया था। कारण यह था कि कुछ के खातों में राशि ही नहीं पहुंची थी।
- सांदिपनी के छात्रों को भी इस बार मिलेगी गणवेश...
जिले में संचालित सांदिपनी स्कूलों में पढऩे वाले छात्रों को भी पहली से आठवीं तक गणवेश दी जाएगी। जिला शिक्षा केन्द्र द्वारा यह व्यवस्था की जाएगी। विभागीय जानकारी के अनुसार पिछले वर्ष भी प्रक्रिया शुरू हुई थी, लेकिन वितरण नहीं किया गया था। इस वर्ष सांदिपनी स्कूलों में पढऩे वाले विद्यार्थियों के लिए गणवेश की व्यवस्था की जाएगी। हालाकि अभी इस संबंध में स्पष्ट दिशा निर्देश जारी नहीं होना शिक्षकों द्वारा बताया जा रहा है पर माना जा रहा है कि इस बार व्यवस्था की जाएगी।
- गणवेश वितरण को लेकर इस तरह बदलते रहे फार्मूले...
1 - वर्ष 2016-17 से 2018-19 की अवधि में स्कूल ड्रेस वितरण की जिम्मेदारी शाला प्रबंधन समितियों के पास थी जो स्थानीय स्तर पर गणवेश की व्यवस्था करती थी।
2 - 2019-20 में सरकार ने महिला स्व सहायता समूह को गणवेश के लिए जिम्मेदारी दी गई।
3 - 2021-22 में कोरोना काल के दौरान स्कूलों में ड्रेस की जगह सीधे छात्रों या उनके पालकों के खाते में राशि डाली गई।
4 - वर्ष 2022-23 में फिर से स्व सहायता समूह के माध्यम से गणवेश की व्यवस्था की गई।
5 - वर्ष 2023-24 से फिर खाते में ही नगद राशि देने का फार्मूला लाया गया।
नवल वर्मा हेडलाइन बैतूल 21 जून 2026


जेपी अस्पताल में हंगामा, 21 कर्मचारियों की बर्खास्तगी के बाद आत्मदाह की चेतावनी
चीन-फिलीपींस समुद्री विवाद फिर सुर्खियों में, वॉटर कैनन घटना पर दुनिया की नजर
भारत स्काउट्स-गाइड्स के निपुण टेस्टिंग कैंप का शुभारंभ, प्रतिभागियों में उत्साह
दिल्ली में सुरक्षा कड़ी, जंतर-मंतर क्षेत्र में इंटरनेट सेवा पर रोक और 17 मेट्रो स्टेशन बंद
राहुल के प्रदर्शन को लेकर सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश से हस्तक्षेप की अपील