(बैतूल) धूल, गिट्टी और गड्ढों में फंसी जनता: 8 दिन से खुदी पड़ी टिकारी लिंक रोड , - ठेकेदार की लापरवाही से बढ़ा हादसों का खतरा, प्रशासन की चुप्पी पर लोगों में आक्रोश
बैतूल(हेडलाइन)/नवल वर्मा। शहर की महत्वपूर्ण टिकारी लिंक रोड इन दिनों आम लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गई है। सडक़ निर्माण के लिए पुरानी सडक़ को उखाड़े जाने के बाद पिछले आठ दिनों से काम पूरी तरह बंद पड़ा है। सडक़ पर फैली गिट्टी, उड़ती धूल और गहरे गड्ढों के कारण रोजाना हजारों राहगीरों, वाहन चालकों, व्यापारियों और स्कूली बच्चों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि ठेकेदार सडक़ खोदने के बाद निर्माण कार्य अधूरा छोडक़र गायब हो गया है। पिछले आठ दिनों से न तो मजदूर दिखाई दिए हैं और न ही निर्माण सामग्री। इससे लोगों में नाराजगी लगातार बढ़ती जा रही है।
- गिट्टी और गड्ढे बन रहे हादसों की वजह...
सडक़ पर बिखरी गिट्टी और उखड़ी सतह के कारण दोपहिया वाहन चालकों के लिए आवागमन जोखिम भरा हो गया है। आए दिन बाइक और स्कूटी चालक फिसलकर गिर रहे हैं। भारी वाहनों के गुजरने पर गिट्टी उछलकर राहगीरों को चोट पहुंचा रही है। स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि रोजाना कोई न कोई दुर्घटना सामने आ रही है।
- धूल से बढ़ रही स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं...
निर्माण कार्य के दौरान नियमित पानी के छिडक़ाव की व्यवस्था नहीं होने से पूरे क्षेत्र में दिनभर धूल का गुबार उड़ रहा है। सडक़ किनारे रहने वाले लोगों और व्यापारियों का कहना है कि घरों और दुकानों में धूल भर गई है। लोगों को सांस लेने में परेशानी, आंखों में जलन और एलर्जी जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
- व्यापार और जनजीवन प्रभावित...
सडक़ की बदहाल स्थिति का असर स्थानीय व्यापार पर भी दिखाई देने लगा है। ग्राहकों की आवाजाही कम होने से दुकानदारों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। कई दुकानदार दिनभर सफाई करने के बावजूद धूल से राहत नहीं पा रहे हैं।
- प्रशासन और ठेकेदार पर उठे सवाल... स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि निर्माण कार्य में देरी होना थी तो सडक़ को पूरी तरह नहीं खोदा जाना चाहिए था। लोगों ने सवाल उठाया है कि कार्य बंद होने के बावजूद संबंधित विभाग ने ठेकेदार के खिलाफ कोई कार्रवाई क्यों नहीं की। सडक़ पर सुरक्षा संकेतक, बैरिकेडिंग और धूल नियंत्रण के इंतजाम भी नदारद हैं।
- लोगों की यह है मांग...
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से तत्काल सडक़ निर्माण कार्य शुरू कराने, नियमित पानी का छिडक़ाव कराने, सडक़ पर फैली गिट्टी हटाने और दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। नागरिकों ने चेतावनी दी है कि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन किया जाएगा। टिकारी लिंक रोड की मौजूदा स्थिति विकास कार्यों में लापरवाही का बड़ा उदाहरण बनकर सामने आई है। अब लोगों की नजर प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी है कि आखिर उन्हें इस परेशानी से कब राहत मिलती है।
नवल वर्मा हेडलाइन बैतूल 22 जून 2026


जेपी अस्पताल में हंगामा, 21 कर्मचारियों की बर्खास्तगी के बाद आत्मदाह की चेतावनी
चीन-फिलीपींस समुद्री विवाद फिर सुर्खियों में, वॉटर कैनन घटना पर दुनिया की नजर
भारत स्काउट्स-गाइड्स के निपुण टेस्टिंग कैंप का शुभारंभ, प्रतिभागियों में उत्साह
दिल्ली में सुरक्षा कड़ी, जंतर-मंतर क्षेत्र में इंटरनेट सेवा पर रोक और 17 मेट्रो स्टेशन बंद
राहुल के प्रदर्शन को लेकर सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश से हस्तक्षेप की अपील