(बैतूल) खूबसूरत पैकिंग में बेचा जा रहा धोखा, धान और मक्का में अप्रमाणित बीज किसानों को थमा रहे , - टीएल के नाम पर बीज कंपनियां जो बीज बेच रही उसको रोक नहीं पा रहा कृषि विभाग
बैतूल(हेडलाइन)/नवल वर्मा। बैतूल जिले में बड़े पैमाने पर अलग-अलग नाम की कंपनियां खूबसूरत पैकिंग में बीज का कारोबार करती है। विशेषकर धान और मक्का में इन्हीं कंपनियों का बीज किसान उठाते है, यह बीज पूरी तरह से संदिग्ध है। इसकी वजह यह है कि उक्त बीज उत्पादक कंपनियों ने मध्यप्रदेश बीज प्रमाणीकरण संस्था से नियम अनुसार प्रमाणीकरण का टैग ही नहीं लिया, इन कंपनियों द्वारा खूबसूरत पैकेट पर टीएल लिखकर बीज बेचा जाता है। कृषि विभाग कंपनियों के इस फार्मूले को रोकने और उस पर कार्रवाई करने में रूचि ही नहीं लेता है, इसलिए वर्षो से यह काम धड़ल्ले से चल रहा है। जो स्थानीय बीज उत्पादक संस्था है उनके सेम्पल उठाए जाते है और अमानक होने पर नोटिस देने से लेकर लाईसेंस निलंबन जैसी कार्रवाई की जाती है। जबकि लोकल बीज उत्पादक समितियों के पास बीज प्रमाणीकरण संस्था का टैग होता है।
- बीज के मामले में क्या है टीएल के पीछे का असली खेल...
हाईब्रिड बीज बेचने वाली कंपनियां अपने उत्पाद पर टीएल अंकित कर देती है। टीएल का फुलफार्म ट्रूथ लेबल होता है जिसे हिन्दी में सत्य प्रमाणित कहते है। यह सत्यप्रमाणित होना कंपनियों द्वारा ही किया जाता है। यह किसी भी शासकीय बीज प्रमाणक संस्था द्वारा नहीं किया जाता है। मतलब कंपनी ही यह कह रही है कि उसका बीज सत्यप्रमाणित है। इस तरह से बीज उत्पादक या विक्रेता बीज अधिनियम के विपरित जाकर हर सीजन में इसी तरह से व्यवसाय करती है।
- बैतूल में 300 से 500 करोड़ का है बीज कारोबार...
बताया गया कि खरीफ सीजन में बैतूल में जो रकबा है उसमें धान, सोयाबीन और मक्का की बोवनी सर्वाधिक होती है। यदि इन तीनों फसलों को मुख्य फसल मान लिया जाए तो इनमें ही 300 से 500 करोड़ का कारोबार होता है। इस कारोबार में करीब-करीब 50 से 70 फीसदी हाईब्रिड का है जो टीएल के नाम पर बेचा जाता है।
- कृषि विभाग को जानकारी तक नहीं...
बैतूल जिले में कौन-कौन सी कंपनियां हाईब्रिड बीज का कारोबार कर रही है, इनके डीलर और विक्रेता कौन है इसकी कोई जानकारी या सूची कृषि विभाग के पास नहीं है। यह कंपनियां बीज का कारोबार करने के पहले नियम अनुसार कृषि विभाग से लाईसेंस तक नहीं लेती है। फिर भी कृ़षि विभाग मौन है।
नवल वर्मा हेडलाइन बैतूल 27 जून 2026


राशिफल 24 जुलाई 2026: जानिए आज का दिन आपके लिए कैसा रहेगा