बैतूल(हेडलाइन)/नवल वर्मा। वर्तमान में एजुकेशन और ट्रायबल में तबादले का ही हिसाब-किताब चल रहा है इसलिए किसी का भी ध्यान अतिथि शिक्षकों की नियुक्ति पर नहीं जा रहा है, जबकि 15 जून से शैक्षणिक सत्र शुरू हो चुका है और 1 जुलाई से स्कूलों में अध्यापन कार्य भी गंभीरता के साथ शुरू हो गया है, इसके बावजूद अतिथि शिक्षकों की नियुक्ति का मामला अभी भी आदेश का इंतजार कर रहा है। 
स्थिति यह है कि प्राथमिक शालाओं से लेकर हायर सेकेण्डरी तक अलग-अलग जगह पर शिक्षकों के पद खाली पड़े है। इसमें गणित, विज्ञान, अंग्रेजी, कामर्स जैसे विषयों के भी पद हायर सेकेण्डरी स्तर पर खाली है, लेकिन यहां नियुक्ति को लेकर किसी स्तर पर कोई प्रक्रिया दिखाई नहीं दे रही है। कई वर्षो से अतिथि शिक्षक के रूप में एजुकेशन और ट्रायबल में अपनी सेवाएं देते आ रहे अतिथि शिक्षक भी नियुक्ति आदेश का इंतजार कर रहे है। इन अतिथि शिक्षकों ने ही बताया कि गत वर्ष नियुक्ति को लेकर आदेश जारी हो गए थे, लेकिन अभी तक इस बार ऐसी कोई हलचल दिखाई नहीं दे रही है। उनका मानना है कि प्रक्रिया में ही डेढ़ दो महीने लग जाते है, इसलिए अभी आदेश जारी हो जाते तो यह प्रक्रिया समय रहते पूरी हो जाती। जिन शिक्षकों ने पूर्व में अपनी सेवाएं दी है वे अतिथि शिक्षकों वाले पोर्टल पर अपना रजिस्ट्रेशन भी करा चुके है और आप्शन भी दे चुके है। जब रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया चल रही थी जब पोर्टल में खामी की वजह से उनका अनुभव गायब हो गया था जिसकी वजह से भी वे हैरान परेशान हुए। 

- शिक्षा विभाग खाली पदों की जानकारी ले रहा...
गत वर्ष एजुकेशन के अंतर्गत ही करीब 789 पद अतिथि शिक्षकों से भरे थे । वर्तमान में हुई तबादला प्रक्रिया के बाद एजुकेशन में तो खाली पदों की जानकारी ली जा रही है, कहां पर वर्ग-1, कहां पर वर्ग-2 और कहां पर वर्ग-3 के लिए पद रिक्त है। बताया जा रहा है कि एक सप्ताह में एजुकेशन में तो यह जानकारी आ जाएगी, लेकिन ट्रायबल में अपने स्कूलों को लेकर ऐसी कोई हलचल दिखाई नहीं दे रही है, जबकि सबसे ज्यादा स्कूल ट्रायबल के है। जिले में एजुकेशन और ट्रायबल के स्कूल मिलाकर कुल 2300 सौ है और इसमें 2500 अतिथि शिक्षकों की जरूरत बताई जा रही है। वर्तमान में ट्रायबल में सहायक आयुक्त और एजुकेशन में डीईओ के तबादले हो चुके है और नए अधिकारियों की पोस्टिंग हुई है। ऐसे में समय रहते तमाम खानापूर्ति हो जाए इसकी दूर-दूर तक संभावना नहीं है।
नवल वर्मा हेडलाइन बैतूल 02 जुलाई 2026