बैतूल(हेडलाइन)/नवल वर्मा। सरकार खूबसूरत स्लोगन वाले कई तरह के जनजागरूकता अभियान शुरू करती है, लेकिन देखने में यह आता है कि सरकार के यह अभियान केवल कागजों और आदेश, निर्देश तक ही सीमित होकर रह जाते है। जमीनी स्तर पर आम नागरिकों तक पहुंच ही नहीं पाते है, इसलिए ऐसे अभियान महज सूर्खियों तक ही सीमित रहते है। यदि यह अभियान आम नागरिकों तक पहुंचे तभी इनकी उपयोगिता होगी अन्यथा यह सरकारी कागज को काला करने का अभियान बनकर रह जाता है। पूर्व में भी कई तरह के अभियान सामने आए, लेकिन यह फाईलों के अंदर ही दम तोडक़र रह गए। अभी फिर कुछ नए जनजागरूकता अभियान शुरू किए जाने के लिए आदेश, निर्देश की प्रक्रिया हो रही है। अब देखना यह है कि सरकारी सिस्टम इन अभियानों को जमीन पर उतारने के लिए क्या करता है?

- तीन कैटेगिरी में होते है जनजागरूता अभियान...
1 - पहला अभियान वह होता है जिसमें आम नागरिकों को यह बताना होता है कि वे अपनी सुरक्षा किस तरह से कर सकते है। इस तरह के अभियान सामान्य तौर पर पुलिस चलाती है, जिसमें साईबर सुरक्षा, यातायात सुरक्षा जैसे अभियान होते है।
2 - दूसरा अभियान वह होता है जिसमें सरकार नागरिकों को प्रेरित करती है कि वह समाज और देश के हित में क्या कर सकते है। जैसे स्वदेशी उत्पाद या जैविक खेती आदि इसी श्रेणी के अभियान है।
3 - तीसरा अभियान वह होता है जिसमें सरकार नागरिकों को संदेश देना चाहती है या उन्हें किसी खास कार्य के लिए उतप्रेरित करती है। 

- अब इन जनजागरूकता अभियान के लिए आए आदेश...
सामान्य प्रशासन के अवर सचिव सचिन्द्र राव ने 18 जून को एक आदेश जारी कर चार तरह के जनजागरूकता अभियान चलाने के लिए निर्देशित किया है। 
1 - स्टे ब्रांडिंग बजट का उपयोग कर मेरा देश मेरा योगदान अथवा समान विषय वस्तु पर 90 दिन अभियान चलाना है, जिसमें नागरिकों को ऊर्जा पर्यावरण संरक्षण सहित संसाधनों के विवेकपूर्ण के लिए प्रेरित करना है।
2 - मप्र से संबंधित प्रवासी भारतीयों को देखो अपना देश तथा अपने अवकाश भारत में व्यतीत करने के लिए फ्रेंडस ऑफ एमपी एवं अन्य माध्यम से प्रेरित करना है।
3 - देखो अपना मध्यप्रदेश सबसे पहले म.प्र. के तहत सभी पर्यटन हितधारकों को अधिक से अधिक घरेलू पर्यटन के लिए बढ़ावा देना है।
4 - खाद्य तेल के उपयोग में कमी लाने के लिए अभियान का अधिक से अधिक प्रचार एवं व्यवहार परिवर्तन हेतु विशेष गतिविधियां चलाना है।
नवल वर्मा हेडलाइन बैतूल 05 जुलाई 2026