बैतूल(हेडलाइन)/नवल वर्मा। मध्यप्रदेश में जब से लाड़ली बहना लागू हई है तब से ऐसा कभी सुनने या देखने में नहीं आया कि किसी माह इसकी किश्त डलने में देर हुई हो या किश्त नहीं डाली गई हो। बैतूल जिले में भी लगभग 2  लाख 37 हजार लाड़ली बहना है जिन्हें सरकार 1500 सौ रूपए माह दे रही है, वहीं दूसरी ओर अलग-अलग तरह की सामाजिक सुरक्षा पेेंशन लगभग तीन माह से नहीं मिल रही है। इसमें केन्द्र और राज्य शासन की अलग-अलग योजनाएं है और दोनों में ही स्थिति यह है कि हितग्राहियों के खाते में राशि ही नहीं जा रही है। स्थिति यह है कि राशि नहीं मिलने पर हितग्राही सामाजिक न्याय विभाग, नगरपालिका और जनपद पंचायत के चक्कर काट रहे है। गुरूवार को इटारसी रोड निवासी नरेन्द्र मालवीय अपनी वृद्धावस्था पेंशन ना मिलने पर सामाजिक न्याय विभाग में भटक रहे थे, वहीं सदर निवासी हरिहर सोनी भी सामाजिक न्याय विभाग में जानने आये थे कि  तीन माह से उसे जो 600 रूपए मिलते थे वह खाते में क्यों नहीं आ रहे है? इस बात का सामाजिक न्याय विभाग में किसी के पास जवाब नहीं है। जो हितग्राही नगरपालिका, जनपद या सामाजिक न्याय विभाग पहुंचता है तो उसे कहा जाता है कि हमारे यहां से पेंशन नहीं रूक रही जो हो रहा है ऊपर से हो रहा है। 
जब शासन पैसा देगा तब उनके खाते में राशि आ जाएगी। बताया गया कि सरकार 11 तरह की सामाजिक सुरक्षा स्कीम को लेकर बजट उपलब्ध नहीं करा पा रही है और इसलिए यह स्थिति बन रही है। जो जानकारी सामने आ रही है उसके अनुसार केन्द्र शासन वाली स्कीम में मई से और राज्य शासन वाली स्कीम में मार्च से ही राशि नहीं डाली जा रही है। इसलिए हितग्राही यहां वहां भटक रहे है। बैतूल जिले में सभी 11 तरह की सामाजिक सुरक्षा स्कीम में लगभग 1 लाख 31 हजार 506 हितग्राही जुड़े हुए है। सामाजिक कार्यकर्ताओं का कहना है कि इन सामाजिक सुरक्षा की स्कीम से जो हितग्राही जुड़े हुए है वे समाज में गरीब तबके या हासिए के लोग है। इन्हें 600 रूपए, 800 रूपए या 1000 हजार रूपए जैसी राशि मिलती है वह इनके जीवन यापन में बड़ी सहायक होती है। वर्तमान में यह राशि नहीं मिलने से इन्हें आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ रहा है। दूसरी तरफ कहा जा रहा है कि सरकार इस तरह की स्कीम से अब हाथ खींच रही है, इसलिए यह स्थिति बन रही है। 

- किस योजना में कितने पात्र हितग्राही...
1 - इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना में सर्वाधिक 60711 हितग्राही है। 
2 - इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन योजना में 20534 हितग्राही है। 
3 - इंदिरा गांधी राष्ट्रीय निश्क्त पेंशन योजना में 2421 लाभान्वित हितग्राही है। 
4 - कन्या अभिभावक पेंशन योजना में 1082 हितग्राहियों को लाभ मिल रह है।
5 - मंदबुद्धि बहुविकलांगता को आर्थिक सहायता योजना में 2027 हितग्राही है। 
6 - सामाजिक सुरक्षा वृद्धावस्था पेंशन योजना में 2859 हितग्राही जुड़े है। 
7 - सामाजिक सुरक्षा परित्याक्ता पेंशन योजना में 1677 हितग्राही है।
8 - सामाजिक सुरक्षा निशक्त सुरक्षा पेंशन  योजना में 10994 हितग्राही है। 
9 - दिव्यांग शिक्षा प्रोत्साहन सहायता राशि में 2670 हितग्राही जुड़े है।
10 - मुख्यमंत्री सामाजिक सुरक्षा कल्याणी पेंशन योजना में 26401 हितग्राही है।
11 - मुख्यमंत्री अविवाहित पेंशन योजना में 130 हितग्राही है।
नवल वर्मा हेडलाइन बैतूल 17 जुलाई 2026