बैतूल(हेडलाइन)/नवल वर्मा। बैतूल जिले में चार बड़ी समूह नलजल योजनाएं स्वीकृत है और इनका काम पिछले पांच वर्ष से चल रहा है, लेकिन यह योजनाएं पूरी ही नहीं हो पा रही है। इनमें से दो योजनाओं में तो टेण्डर टर्मिनेट भी हो चुका है फिर भी बची शेष दो नलजल योजनाओं में कोई रफ्तार नहीं आई है। स्थिति यह है कि इन दोनों समूह नलजल योजना घोघरी और गढ़ा डेम बार-बार एक्सटेंशन दिया जा रहा है फिर भी ठेकेदार अपने काम में रफ्तार नहीं ला रहा है। बताया गया कि इसका सबसे बड़ा कारण यह है कि नलजल योजनाओं का काम जल जीवन मिशन को दे रखा है और इसका कार्यालय छिंदवाड़ा में है। अधिकारी वहीं से बैठकर नलजल योजनाओं की मॉनीटरिंग कर रहे है। जब कोई समीक्षा बैठक होती है तभी अधिकारी आते है अन्यथा कोई देखने वाला भी नहीं है। 

- यह है गढ़ा और घोघरी की समूह नलजल योजना की स्थिति...
1 - आमला के तीन, मुलताई के 53 और प्रभातपट्टन के 106 गांव में पेयजल सप्लाई के लिए 278 करोड़ की लागत से स्वीकृत घोघरी समूह नलजल योजना का वर्कआर्डर 29 अगस्त 2022 को जारी हुआ था। 
2 - गढ़ा समूह नलजल योजना जिसमें बैतूल के 49, चिचोली के 01 और घोड़ाडोंगरी 01 कुल 51 गांव में पेयजल सप्लाई होना था।लागत 54.34 करोड़ है और इसका वर्कऑडर 13 मार्च 2023 को जारी हुआ था। 
3 - घोघरी समूह नलजल योजना का काम 28 दिसम्बर 2026 को खत्म होना है। इसमें दो बार ठेकेदार विक्रांत इंजीनियरिंग एण्ड एक्जिम प्रायवेट लिमिटेड को एक्सटेंशन दिया जा चुका है। 
4 - गढ़ा समूह नलजल योजना काम एलएन मालवीय इन्फ्रा प्रोजेक्ट प्रायवेट लिमिटेड को 30 सितम्बर 2026 को पूरा करना था। इसे चार बार एक्सटेंशन दिया जा चुका है। 
5 - घोघरी में वर्तमान में 72.76 फीसदी और गढ़ा में 72.56 फीसदी काम कागजों में पूरा बताया जा रहा है। जबकि सत्यता कुछ और ही है। अधिकारियों द्वारा इनमें भी वास्तविकता जाहिर नहीं की जाती।
रिटेण्डर वाली वर्धा और मेंढा की टाईम लिमिट 21 सितम्बर 2027
करीब चार माह पहले 91 ग्राम में पेयजल सप्लाई वाली वर्धा समूह नलजल योजना और 241 गांव में पेयजल सप्लाई वाली मेंढा समूह नलजल योजना के टेण्डर टर्मिनेट किए गए थे। इनमें जल निगम ने रिटेण्डरिंग की और नई फर्म को 28 फरवरी 2026 को वर्क आर्डर जारी किया है। इस वर्कआर्डर के अनुसार उक्त दोनों समूह नलजल योजना में वर्तमान में स्थिति यह है कि वर्धा में 33.81 फीसदी और मेंढा में 31.49 फीसदी काम होना बताया जा रहा है। जिस रफ्तार से इन दोनों योजनाओं में भी नई फर्म काम कर रही है उसे देखते हुए सितम्बर 2027 तक काम पूरा हो इसकी संभावना नहीं है। इन तमाम स्थिति के लिए जल निगम ही जिम्मेदार है।
नवल वर्मा हेडलाइन बैतूल 19 जुलाई 2026