(बैतूल) कारगिल चौक की सूरत और सीरत बदलने के लिए सीएमओ की टीम ने अवकाश के दिन बहाया पसीना
बैतूल(हेडलाइन)/नवल वर्मा। बैतूल नगरपालिका सीएमओ नवनीत पाण्डेय बैतूल शहर की बेहतरी के लिए बैतूल विधायक हेमंत खण्डेलवाल के मार्गदर्शन में लगातार काम कर रहे है, और इसी दिशा में शनिवार अवकाश के दिन उन्होंने विधायक की मंशा के अनुरूप कारगिल चौक को खूबसूरत और बेहतर बनाने के लिए अपनी पूरी टीम के साथ मशक्कत कर इस चौराहे की सूरत और सीरत बदल दी है। यहां पर नगरपालिका के इंजीनियर नगेन्द्र वागद्रे, पंकज धुर्वे, राहुल शर्मा, अमित सक्सेना और जतिन पाल ने अपनी पूरी टीम के साथ शनिवार सुबह से देर शाम तक वीर दुर्गादास की प्रतिमा के पास की खाली जमीन को एक खुबसूरत स्थल में तब्दील कर दिया है। उन्होंने यहां पर जो खुबसूरत गमले रखे है उस पर बीएमसी (बैतूल म्युनिसिपल कार्पोरेशन) लिखा हुआ है जो कि लोगों के लिए आकर्षण का केन्द्र बन गए है। शहर के अन्य चौक चौराहों के सौंदर्यीकरण को लेकर सीएमओ अथक प्रयास कर रहे है जो इसी दिशा में उनकी सोच और प्रयासों को दर्शाता है।
नगर पालिका परिषद बैतूल ने कारगिल चौक से अतिक्रमण हटाने के तुरंत बाद क्षेत्र के सौंदर्यीकरण का कार्य शुरू कर दिया है। लंबे समय से फुटपाथ और सडक़ किनारे लगी गुमठियों के कारण संकरा हो चुका यह प्रमुख चौराहा अब नए स्वरूप में विकसित किया जा रहा है। नगर पालिका का कहना है कि इस पहल से न केवल यातायात व्यवस्था बेहतर होगी, बल्कि शहर की सुंदरता में भी इजाफा होगा। सौंदर्यीकरण के तहत चौक का समतलीकरण कराया जा रहा है। राहगीरों के बैठने के लिए आकर्षक बेंच लगाई जा रही हैं, वहीं बड़े सजावटी गमलों में विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए जायेगे, इससे कारगिल चौक को हरा भरा और व्यवस्थित रूप देने की तैयारी की जा रही है। कारगिल चौक शहर का महत्वपूर्ण यातायात केंद्र है, जहां प्रतिदिन हजारों लोगों का आवागमन होता है। अतिक्रमण हटने के बाद सडक़ पहले की तुलना में अधिक चौड़ी दिखाई दे रही है, जिससे वाहनों और पैदल चलने वालों को सुविधा मिलने लगी है। स्थानीय नागरिकों ने नगर पालिका की इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि शहर के अन्य प्रमुख चौराहों पर भी इसी तरह का सौंदर्यीकरण किया जाएगा। टीम के पहुंचते ही कई अतिक्रमणकारियों ने अपनी गुमठियां स्वयं हटाकर वहां से ले जाना शुरू कर दिया। फुटपाथ पर चाय-नाश्ते और अन्य दुकानों की गुमठियां रखे जाने से राहगीरों को लंबे समय से परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। नगर पालिका का कहना है कि शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने के लिए भविष्य में भी अतिक्रमण हटाने और सार्वजनिक स्थलों के सौंदर्यीकरण का अभियान जारी रहेगा।
नवल वर्मा हेडलाइन बैतूल 26 जुलाई 2026


जिस सरकार ने कहा- इस्तीफे नहीं होते, उसी में 12 साल में कई बड़े नेताओं ने छोड़ा पद
(बैतूल) टीडीएस काटकर केवल सूचना देना पर्याप्त नहीं सर्टिफिकेट देना भी बैंक की जिम्मेदारी , - यदि किसी उपभोक्ता का टीडीएस रिफंड नहीं हुआ तो वह फोरम में लगा सकता है परिवाद
(बैतूल) कारगिल चौक की सूरत और सीरत बदलने के लिए सीएमओ की टीम ने अवकाश के दिन बहाया पसीना
दमिश्क हाईवे पर मौत का सफर: बस दुर्घटना में 35 यात्रियों की दर्दनाक मौत