(लखनऊ) देश को आजादी दिलाने वाले स्वातंत्र्य वीरों के वर्तमान अंशजों-वंशजों की चिंता , - उत्तर प्रदेश स्वतंत्रता सेनानी परिवार कोर कमेटी की बैठक आयोजित

लखनऊ (हेडलाइन) राम महेश मिश्र । उत्तर प्रदेश स्वतंत्रता सेनानी परिवार कोर कमेटी की बैठक आज हजरतगंज स्थित इंडियन कॉफी हाउस में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश स्वतंत्रता सेनानी परिवार समन्वय समिति के अध्यक्ष राजेश पाण्डेय एडवोकेट ने की। समिति के महासचिव ओम प्रकाश पाठक, कमेटी सदस्य राम महेश मिश्र, अजय सिंह एवं रमेश कुमार मिश्र बैठक में मौजूद रहे।
ज्ञातव्य हो, सेनानी परिवार समन्वय समिति द्वारा प्रदेश के जीवित स्वतंत्रता सेनानियों, उनकी वीरांगना विधवाओं, पुत्र-पुत्रियों तथा उनके आज के अंशजों-वंशजों की चिंता की जा रही है। आज की बैठक में उपस्थित सदस्यों ने निर्णय लिया कि बहराइच एवं श्रावस्ती जनपदों की भांति राजधानी लखनऊ सहित प्रदेश के सभी 18 मंडलों तथा 75 जनपदों के जिलाध्यक्षों के माध्यम से जीवित स्वतंत्रता सेनानियों, उनकी विधवाओं, पुत्र- पुत्रियों तथा पौत्र एवं पौत्रियों आदि की वर्तमान स्थिति की जानकारी कोर कमेटी को भेजी जाएगी। कोर कमेटी द्वारा समूचे उत्तर प्रदेश में इन उत्तराधिकारी परिजनों की संख्या भी मालूम कराई जा रही है।
इस अवसर पर बहराइच से आए रमेश कुमार मिश्र ने कहा कि महान स्वतंत्रता सेनानियों की वर्तमान पीढ़ी के अनेक सदस्य बड़ी खराब स्थिति में हैं। उनकी उचित देखभाल और सम्यक मार्गदर्शन करना देश का दायित्व है। सेनानी परिवारों की स्थिति में सुधार के प्रयास समाज और सरकार द्वारा किए जाने चाहिए।
बैठक का संयोजन-समन्वय करते हुए प्रांतीय समन्वय समिति के महासचिव ओम प्रकाश पाठक ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा गठित उत्तर प्रदेश स्वतंत्रता सेनानी कल्याण परिषद के पुनर्गठन की मांग भी उत्तर प्रदेश शासन से की गई है। कोर कमेटी सदस्य अजय सिंह के प्रस्ताव पर विचार करते हुए यह निर्णय लिया गया कि लखनऊ मंडल सहित सभी मंडलों में फैले सेनानी परिवारों का एक वृहद परिवार विकसित करने हेतु उनकी जयंतियों एवं पुण्यतिथियों पर विशेष कार्यक्रमों के आयोजन प्रदेश भर में किए जाएंगे।