(रायसेन) प्रवीण की बनाई बांसुरी ने भरा अंबानी के विवाह समारोह में सुरों का रंग

रायसेन(हेडलाईन)/नवल वर्मा। मुकेश अंबानी के पुत्र के विवाह समारोह में देश के कई बड़े कलाकारों को अपनी कला का प्रदर्शन करने के लिए आमंत्रित किया गया था। इनमें बैंगलौर के प्रसिद्ध बांसुरी वादक अश्विन श्रीनिवासन भी अपनी टीम के साथ पहुंचे थे। श्रीनवासन की टीम के प्रमुख बांसुरी वादक छिंदवाड़ा निवासी दिव्यांश श्रीवास्तव ने संगत कर सुरों का रंग बिखेरा। खास बात यह रही कि दिव्यांश ने रायसेन निवासी प्रवीण श्रीवास्तव की बनाई बांसुरी बजाकर उक्त बड़े समारोह में रायसेन की मिट्टी की खुश्बू बिखेरी।
उल्लेखनीय है कि प्रवीण श्रीवास्तव लंबे समय से प्रोफेशनल बांसुरी का निर्माण करते हैं। जिसके लिए आसाम से बंबू मंगवाते हैं और एक कठिन तथा लंबी प्रोसेस के बाद सुरीली बांसुरी बनाते हैं। उनकी बांसुरी भोपाल, इंदौर, जबलपुर सहित देश के लगभग हर बड़े शहर और कस्बों के साथ यूएस, यूके, अरब, नेपाल आदि देशों तक पहुंच चुकी है। देश के कई नामी बांसुरी वादक उनकी बनाई बांसुरी बजाते हैं। श्रीवास्तव की बांसुरी ‘हरि फ्लूट्स’ के नाम से पहचान बना चुकी है।
- कायस्थ समाज ने किया सम्मान...
रायसेन जिला कायस्थ महासभा ने प्रवीण श्रीवास्तव की इस उपलब्धि पर श्री चित्रगुप्त मंदिर में उनका सम्मान किया। समाज के लोगों ने बांसुरी जेसे कठिन वाद्य यंत्र को बजाने और उसे बनाने की कला में निपुण श्रीवास्तव के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
नवल वर्मा हेडलाईन भोपाल 19 जुलाई 2024