बैतूल(हेडलाइन)/नवल वर्मा।  मुख्यमंत्री की अध्यक्षता वाली जिले की विकास समिति का गठन विगत 5 माह से नहीं हो रहा था, इसमें जिन 25 एक्सपर्ट का चयन किया जाना था, वहीं नहीं किया जा रहा था। इस मामले को लेकर राष्ट्रीय दिव्य दुनिया ने 13 नवम्बर को  "भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के गृह जिले में मुख्यमंत्री की अध्यक्षता वाली समिति नहीं बनने दी जा रही!"  शीर्षक से समाचार प्रकाशित किया और समाचार प्रकाशन के पांचवें दिन जो एक्सपर्ट पांच माह से नहीं मिल रहे थे वे पांच दिन में ढूंढ भी लिए गए और सातवें दिन तो बकायदा समिति सदस्यों के नामों की सूची भी अनुमोदित हो गई। वैसे सूची में समाजसेवा, प्रगतिशील किसान, चिकित्सा विधि और उद्योग व्यापार क्षेत्र से 20 प्रतिनिधियों का चयन किया गया है, इनमें से कुछ भाजपा की राजनीति से जुड़े हुए लोग है तो कुछ सामाजिक कार्यकर्ता है। वैसे इस समिति में जो नाम सामने आ रहे है वे इस समिति में कितना अपना महत्वपूर्ण योगदान दे पाएंगे यह आने वाले समय में पता लगेगा, लेकिन एक बात तो सिद्ध हो गई यदि राष्ट्रीय दिव्य दुनिया इस मामले को नहीं उठाता तो इनका भी चयन नहीं होता और समिति का गठन भी नहीं होता? अब बड़ा सवाल यह है कि किसकी लापरवाही की वजह से पांच माह से समिति के सदस्यों का चयन नहीं हो पा रहा था और गठन नहीं किया जा रहा था? चूंकि वर्ष में एक बार इस समिति की बैठक होना अनिवार्य है। इसलिए आने वाले समय में मुख्यमंत्री बैतूल आकर कब बैठक लेते है इस पर भी सबकी नजर रहेगी और इस बैठक में चयनित इन 20 लोगों से कौन-कौन कितने और क्या-क्या विकास के लिए सुझाव और प्रपोजल देता है, यह भी देखने लायक रहेगा। कांग्रेसियों की मांग है कि इस समिति की बैठक बंद कमरे की जगह खुली जगह होना चाहिए जहां सभी लोग इन सदस्यों की योग्यता का लाभ बैतूल को मिलता हुआ देखे। कम से कम इसका लाईव प्रसारण तो होना ही चाहिए। 

- इनका किया गया चयन...
- समाजसेवा :- पं कांत दीक्षित, ओमप्रकाश टिटारे, पीजे शर्मा, अनिल ङ्क्षसह कुशवाह, ओमप्रकाश गौतम।
- प्रगतिशील किसान :- नरेन्द्र शुक्ला, घनश्याम धाकड़, सुधाकर कोसे, संतोष चौहान, चिंरोजी पटेल।
- चिकित्सा :- डॉ अशोक बारंगा, डॉ जीए बारस्कर, डॉ विजय कुमार शर्मा, डॉ अरूण जयसिंगपुरे।
- विधि :- सुधाकर पवार, जयदीप रूनवाल, संजय तिवारी।
- उद्योग व्यापार :- दीपक कपूर, मंजीत सिंह साहनी, नंदन साहू।
नवल वर्मा हेडलाइन बैतूल 23 नवंबर 2025