बैतूल(हेडलाइन)/नवल वर्मा। पिछले एक सप्ताह से बडोरा मंडी में अव्यवस्थाओं को लेकर हल्ला मचा हुआ है। इसमें कलेक्टर ने भी दो दिन पहले मंडी का निरीक्षण किया था, लेकिन इसके बाद भी व्यवस्थाएं सुधर नहीं रही थी, अव्यवस्थाओं का सबसे बड़ा कारण अलग-अलग व्यापारियों की खरीदी गई मक्का का डम्प होना है। जिस दिन कलेक्टर मंडी पहुंचे थे उस दिन व्यापारियों के प्रतिनिधियों ने एक आवेदन कलेक्टर को दिया था और कहा था कि दो दिन के लिए मंडी को बंद कर दिया जाए इस दौरान वे अपनी मक्का का परिवहन यहां से कर लेंगे। उस समय कलेक्टर ने मंडी बंद रखने से मना कर दिया, कलेक्टर के मना करने के बाद अव्यवस्थाएं और बढ़ गई तथा मामला लगातार मीडिया की सूर्खियों में रहा। इस स्थिति में शुक्रवार को फिर व्यापारी एसडीएम और मंडी सचिव से मिले, उन्होंने कहा कि मंडी में खरीदी बंद नहीं होने से मक्का की लगातार आवक हो रही है और हम अपना माल भी यहां से नहीं उठा पा रहे है।  यदि तीन दिन खरीदी बंद रहे तो इस दौरान हम मक्का परिवहन यहां से कर लेंगे। मंडी प्रशासक, एसडीएम अभिजीत सिंह ने व्यापारियों के इस प्रपोजल को स्वीकार करते हुए शनिवार, रविवार और सोमवार तक बैतूल मंडी में मक्का की खरीदी पर रोक लगा दी है। उन्होंने किसानों से अनुरोध भी किया है कि इस दौरान वे मक्का बेचने के लिए मंडी लेकर ना आए। एसडीएम का कहना है कि यदि खरीदी बंद नहीं करते तो व्यापारी जितना माल उठाते फिर उतना आ जाता और ऐसे में मंडी खाली नहीं हो पाती, इसलिए यह फैसला लिया गया कि व्यापारियों के अनुरोध पर तीन दिन मक्का की खरीदी बंद रखी जाए। उन्होंने बताया कि मक्का को छोडक़र अन्य की उपज की खरीदी नियमित रूप से होगी। उनका कहना है कि वैसे भी तीन में से रविवार को मंडी बंद रहती ही है। इधर जानकारी आ रही है कि जिस व्यापारी का माल मंडी की शुरूआत में रखा हुआ है उसमें ट्रक लगवाकर अपनी मक्का अपने गोडाउन में शिफ्ट कराना शुरू कर दिया है, इस व्यापारी की 18 हजार क्विंटल मक्का है। इस व्यापारी की मक्का उठने के बाद जिन व्यापारियों की मक्का पीछे रखी है वे शनिवार और रविवार को उठाव करेंगे। 

- रैक ना लगने से समस्या...
बैतूल में अलग-अलग व्यापारी अलग-अलग फर्म के लिए आढ़त के रूप में खरीदी कर रहे है, यह सभी फर्म बाहर की है, इन लोगों द्वारा खरीदी तो कर ली गई, लेकिन रैक ना लगने से यह मंडी से खरीदी गई मक्का का उठाव नहीं कर पाए।
नवल वर्मा हेडलाइन बैतूल 29 नवंबर 2025