(बैतूल) सूखे नशे में बैतूल में गांजे के बाद अब ब्राउन शुगर का युवाओं में बढ़ रहा ट्रेंड! - 25 सौ रूपए का एक ग्राम ब्राउन शुगर लाकर दो लाईन में 8 हजार बनाते है सप्लायर
- आंख बंद मुंह खुला मतलब सामने खड़ा है कोई गरदुल्ला
बैतूल(हेडलाइन)/नवल वर्मा। करीब तीन-चार माह पहले बैतूल के तीन-चार युवक उज्जैन में ब्राउन शुगर के साथ पकड़ाए थे, इसके पहले भी कोतवाली पुलिस ने इंदौर में पढऩे वाले एक युवक से ब्राउन शुगर जब्त किया था। यह मादक पदार्थ की बैतूल में जबरदस्त एंट्री का प्रमाण है। बताया जा रहा है कि बहुत तेजी के साथ यह सूखा नशा बैतूल के जेनजी और युवाओं में चलन में आ रहा है। इस नशे को नशेडिय़ों में लाईन पलटा या गरद के नाम से भी जाना जाता है! जो जानकारी सामने आ रही है उसके अनुसार बैतूल शहर में कम से कम 6 पाईंट पर यह नशा उपलब्ध है? विशेष बात यह है कि जो उपलब्ध करा रहे है वे भी इस नशे के आदी है। ब्राउन शुगर का नशा करने वालों को गरदुल्ला भी कहा जाता है। इनकी पहचान के लिए यह कहा जाता है कि आंख बंद मुंह खुला यही है गरदुल्ला। इस नशे को लेकर अभी से अभिभावक और पुलिस नहीं जागी तो महानगरों की तरह बैतूल की युवा पीढ़ी को यह नशा अपनी गिरफ्त में ले लेगा। इस तरह के नशे और उसके बैतूल में कारोबार को लेकर अच्छी जानकारी रखने वाले एक युवा पत्रकार ने बताया कि बैतूल में सूखे नशे के रूप में गांजा ही ट्रेंड में था, लेकिन अब धीरे-धीरे ब्राउन शुगर और एमडी ड्रग भी अपनी जगह मजबूती के साथ बना रही है। उन्होंने बताया कि जो युवा बैतूल से महानगरों में पढऩे जा रहे है वे इस नशे की चपेट में तेजी से आ रहे है और जब वे बैतूल आते है तो अपने साथ यह नशा लेकर आते है। उनका कहना है कि इसलिए बैतूल में चोरियां बढ़ रही है। हालत यह है कि इस नशे के युवा घर का सामान तक बेच रहे और अपनी बाईक भी बेच रहे है।
- 25 सौ से बनाते है 8 हजार रूपए...
ब्राउन शुगर को लेकर यह बताया गया कि हरदा, इंदौर, उज्जैन तरफ से 2500 रूपए में एक ग्राम आता है और जो लेकर आते है वे खुद इसका नशा करते है। फिर जो इसके शौकीन है उनकी लाईन बनाते है और 2500 रूपए के एक ग्राम में चार-चार की दो लाईन बनाकर इसके 8 हजार बना लेते है क्योंकि हर एक से एक-एक हजार रूपए लेते है।
- सिल्वर फाईल का करते है उपयोग...
ब्राउन शुगर को लेकर बताया गया कि सिल्वर फाईल पर रखकर इसे नीचे से जलाते है। इसके बाद नोट की पोंगली बनाकर फिर इसे नाक से खींचते है। एक बार में एक युवक से हजार रूपए लिया जाता है। इसका नशा करने के तत्काल बाद बीड़ी या सिगरेट की तलब लगती है। बैतूल में वर्तमान में कम से कम एक हजार युवक इस नशे की गिरफ्त में होना बताया जा रहा है। बैतूल शहर में करीब 6 पाइंट पर इसकी उपलब्धता चर्चा में है।
नवल वर्मा हेडलाइन बैतूल 30 जून 2026


राशिफल 05 जुलाई 2026: जानिए आज का दिन आपके लिए कैसा रहेगा